किंग्स्टन: चोटिल उसेन बोल्ट गुरूवार को ही जान पायेंगे कि उन्हें 100 मी, 200 मी और चार गुणा 100 मी रिले में लगातार तीसरा ओलंपिक गोल्ड मेडल जीतने का मौका मिलेगा या नहीं.
जमैका एथलेटिक्स प्रशासनिक संघ (जेएएए) की समिति गुरूवार को बैठक में बोल्ट के मेडिकल छूट के आग्रह पर विचार करेगी कि उन्हें 100 मी और 200 मी और रिले में भाग लेने की अनुमति दी जाये या नहीं. बोल्ट ने इन स्पर्धाओं में 2008 बीजिंग और 2012 लंदन ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था.
बोल्ट ने जमैका के ओलंपिक ट्रायल्स के 100 मी फाइनल से हटने के बाद कहा था कि उनकी हैमस्ट्रिंग में थोड़ी चोट है. मौजूदा 100 और 200 मी के विश्व चैम्पियन तथा विश्व रिकार्डधारी बोल्ट ने मेडिकल छूट मांगी है कि उन्हें ट्रायल्स में भाग लिये बिना जमैका की ओलंपिक टीम में जगह दे दी जाये.
जेएएए के अध्यक्ष वारेन ब्लेक ने पुष्टि की कि बोल्ट ने ओलंपिक ट्रायल्स से हटने के बाद 100 और 200 मी में छूट का आग्रह किया है. जेएएए के नियम अनुमति देते हैं कि आईएएएफ के प्रदर्शन के आधार पर बनी सूची में शीर्ष तीन स्थान की रैंकिंग वाले चोटिल एथलीट को ट्रायल्स में भाग लिये बिना ओलंपिक टीम में शामिल किया जा सकता है लेकिन एथलीट को खेलों की सूची में शामिल होने के लिये अपनी फिटनेस साबित करने की जरूरत होती है.
ब्लेक और रियो ओलंपिक के लिये जमैका की एथलेटिक्स टीम के टीम मैनेजर लुडलो वाट्स ने कहा कि चयन समिति गुरूवार को बैठक में फैसला करेगी कि रियो ओलंपिक के लिये जमैका की टीम में किन एथलीटों को शामिल किया जाये. लेकिन उन्हें उम्मीद है कि बोल्ट 22 जुलाई को लंदन एनिवर्सिरी खेलों में भाग लेंगे. बोल्ट ने भी लक्ष्य बनाया है कि उन्हें इस प्रतियोगिता में बेहतरीन समय निकालना है.
ब्लेक ने कहा, ‘‘वह 22 जुलाई को होने वाली लंदन प्रतियोगिता में दौड़ेगा और हमें उम्मीद है कि वह वहां पर बेहतरीन समय निकालेगा. ’’
Courtesy: abplive.in
No comments:
Post a Comment