Sunday, 3 July 2016

विदेश जाने पर अब नहीं लेनी होगी इंटरनेशनल रोमिंग सुविधा

अब विदेश में उपभोक्ता बिना सिम कार्ड बदले ही मोबाइल से कॉल कर सकेगा और इंटरनेट भी इस्तेमाल कर सकेंगे।

प्रदीप चौरसिया, मुरादाबाद। अब विदेश में उपभोक्ता बिना सिम कार्ड बदले ही मोबाइल से कॉल कर सकेगा और इंटरनेट भी इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके लिए बीएसएनएल ने थ्री-इन-वन सिम कार्ड उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराना शुरू कर दिया है। विश्व के किसी भी देश में जाने पर मोबाइल को चालू रखने के लिए इंटरनेशनल रोमिंग की सुविधा लेनी पड़ती है।

इसके लिए मोबाइल कंपनियां उपभोक्ताओं को दूसरा सिम कार्ड देती हैं। उपभोक्ताओं को बताना पड़ता है कि वे देश कब छोड़ेंगे। मोबाइल कंपनी बताए समय के बाद मोबाइल में लगे सिम कार्ड को बंद कर देती हैं। विदेश पहुंचने पर उपभोक्ताओं को इंटरनेशनल रोमिंग वाला सिम कार्ड लगाना पड़ता है।

अकसर विदेश आने-जाने वाले उपभोक्ताओं को बार-बार यह सुविधा लेने से परेशानी होती है। भारत से नेपाल जाने के लिए किसी पासपोर्ट या वीजा की आवश्यकता नहीं होती है, इसलिए वहां घूमने जाने वालों की संख्या काफी है। भारत से जाने वाले उपभोक्ता इंटरनेशनल रोमिंग के झंझट से बचने के लिए नेपाल जाकर अस्थायी मोबाइल कनेक्शन ले लेते हैं। 

दो सिस्टम काम करते हैं सिम कार्ड में
वर्तमान मे मोबाइल में प्रयोग होने वाले सिम कार्ड में तकनीकी रूप से दो ही सिस्टम काम करते हैं। प्रथम सिस्टम अपने सर्किल के अंदर के मोबाइल नेटवर्क को पहचानता है। जिसके द्वारा उपभोक्ता कॉल और इंटरनेट का प्रयोग कर सकता है। उपभोक्ता के दूसरे प्रदेश में जाते ही दूसरा सिस्टम सक्रिय हो जाता है और पहला सिस्टम काम करना बंद कर देता है। दूसरा सिस्टम नेशनल रोमिंग सिस्टम पर काम करता है। 

बार-बार नहीं बदलना होगा सिम
अब विदेश जाने वाले उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बीएसएनएल ने थ्री-इन-वन इंटरनेशनल रोमिंग सिम कार्ड बनाया है। इसमें उपभोक्ता के विदेश जाते ही सिम का इंटरनेशनल सिस्टम सक्रिय हो जाएगा और वापस लौटने पर काम करना बंद कर देगा। इसके साथ ही पहला व दूसरा सिस्टम काम करना शुरू कर देगा। इससे बार-बार सिम बदलने की आवश्यकता नहीं होगी।

Courtesy: jagran. Com

No comments:

Post a Comment