भारत की चार गुणा 400 मीटर पुरुष और महिला रिले टीमों ने रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। भारत की चार गुणा 400 मीटर पुरुष और महिला रिले टीमों ने रविवार को बेंगलुरु में तीसरी इंडियन ग्रां प्रि एथलेटिक्स प्रतियोगिता में रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया।
पुरुष चौकड़ी (कुन्हू मुहम्मद, मुहम्मद अनस, अयासैमी दारुन और आरोक्या राजीव) ने 3:00.91 सेकेंड का समय निकालकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ रियो का टिकट कटाया। उन्होंने चार हफ्ते पहले तुर्की में बनाए 3:02.17 सेकेंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड में एक सेकेंड से ज्यादा समय का सुधार किया। भारतीय चौकड़ी का यह प्रदर्शन वर्ष का विश्व का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। अब केवल 3:00.38 सेकेंड का निकालने वाली अमेरिकी टीम उससे आगे है। इससे भारत की पदक जीतने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। उन्होंने ब्रिटेन और जमैका को पीछे छोड़ दिया है। इस प्रदर्शन से पुरुष रिले टीम विश्व रैंकिंग में 18वें से 13वें स्थान पर आ गई है। सोमवार तक विश्व में शीर्ष 16 में रहने वाली रिले टीमें रियो ओलंपिक में भाग लेंगी।
हरियाणा की निर्मला श्योराण, टिंटू लुका, एमआर पूवम्मा और अनिलदा थॉमस की महिला रिले टीम ने 3:27.88 सेकेंड का निकाला। महिला रिले टीम अब विश्व रैंकिंग में 14वें से 12वें स्थान पर आ गई है। रियो के लिए अब तक भारत के 24 एथलीट क्वालीफाई कर चुके थे। उनकी संख्या अब बढ़कर 33 हो जाएगी। अनस, निर्मला और लुका पहले ही व्यक्तिगत स्पर्धा के लिए रियो का टिकट कटा चुके हैं।
Courtesy:jagran. Com
No comments:
Post a Comment