Tuesday, 12 July 2016

Good News: 7 नए रूटों पर भी करें राजधानी ट्रेनों के किराए में हवाई सफर

नई दिल्ली : सरकारी विमानन कंपनी एयर इंडिया ने सात और घरेलू मार्गों पर अपनी उड़ानों की अंतिम समय की टिकटों का किराया घटाकर राजधानी रेलगाड़ियों के एसी 2 टायर के किराये के बराबर लाने की घोषणा की। इन नये रूटों में नयी दिल्ली से अहमदाबाद, गोवा व हैदराबाद का रूट शामिल है।

कंपनी की इस पहल के तहत न्यूनतम किराया 2240 रुपये तक है। इसके तहत टिकट उड़ान के तय प्रस्थान समय से चार घंटे पहले से खरीदी जा सकेगी। उल्लेखनीय है कि कंपनी ने एयर इंडिया के दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-चेन्नई, दिल्ली-कोलकाता व दिल्ली-बेंगलुरू मार्गों पर टिकटों को उड़ानों के प्रस्थान के चार घंटे पहले सस्ती करने की घोषणा कल की थी।

कंपनी के बयान में कहा गया है कि उसने दिल्ली रांची दिल्ली, दिल्ली अहमदाबाद दिल्ली, दिल्ली हैदराबाद दिल्ली, दिल्ली भुवनेश्वर दिल्ली, दिल्ली गोवा दिल्ली, दिल्ली पटना दिल्ली व दिल्ली रायपुर दिल्ली मार्ग पर भी यह योजना लागू करने का फैसला किया है।

इसके अनुसार इसके तहत दिल्ली रांची मार्ग पर किराया 2770 रुपये, दिल्ली अहमदाबाद का किराया 2270 रुपये, दिल्ली हैदराबाद का किराया 3275 रुपये, दिल्ली भुवनेश्वर का 3475 रुपये, दिल्ली गोवा का 3665 रुपये, दिल्ली पटना का 2315 रुपये तथा दिल्ली रायपुर का किराया 2240 रुपये रहेगा। कंपनी की इस पहल का उद्देश्य ज्यादा यात्रियों को आकर्षित करना है।

एयर इंडिया के चेयरमैन व प्रबंध निदेशक अश्वनी लोहानी ने कल कहा था कि इसका उद्देश्य आखिरी बची सीटों को भरने के साथ साथ उपभोक्ताओं को आखिरी क्षणों में आसमान छूते किरायों की समस्या से बचाना है। लोहानी ने कहा कि इस समय एयर इंडिया की घरेलू उड़ानों में 74 प्रतिशत सीटें भरी रहती हैं। प्रमुख मार्गों पर यह आंकड़ा लगभग 80 प्रतिशत तक रहता है।

Courtesy: zeenews. Com

No comments:

Post a Comment