Thursday, 7 July 2016

कुत्ते को छत से फेंकने वाले छात्र गिरफ्तार, जमानत पर छूटे

चेन्नई में मेडिकल छात्र द्वारा कुत्ते को छत से फेंकने पर मेडिकल छात्र की गिरफ्तारी के बाद मिली जमानत

चेन्नई, प्रेट्र । एक कुत्ते को छत से फेंकने वाले मेडिकल छात्र और इसका वीडियो बनाने वाले उसके दोस्त को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन जल्द ही जमानत भी मिल गई। एक दिन पहले दिल दहलाने वाली इस घटना का वीडियो वायरल हुआ था।

चमत्कारी ढंग से जीवित बच गया कुत्ता

पुलिस ने कहा, 'हमने गौतम सुदर्शन और आशीष पाल को गिरफ्तार कर श्रीपेरुंबदूर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। वहां से उन्हें जमानत मिल गई।' इस घटना में राहतकारी पहलू यह रहा कि कुत्ता जिंदा बच गया है। उसकी अगली और पिछली टांगों में फ्रैक्चर हुआ। उसे पशु चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। उल्लेखनीय है कि गौतम सुदर्शन और आशीष यहां एक निजी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के अंतिम वर्ष के छात्र हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में सुदर्शन को एक कुत्ते को छत से फेंकते हुए दिखाया गया था। वीडियो उसके दोस्त आशीष ने बनाया था। वीडियो सामने आते ही एंटनी क्लीमेंट रुबिन और जेनिफर जैकब समेत विभिन्न पशु कल्याण कार्यकर्ताओं ने दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उनके खिलाफ आइपीसी की धारा 428 और 429 के तहत मामला दर्ज किया गया। रुबिन ने कहा कि इस तरह की घटना का शिकार होने के बाद भी कुत्ते का जीवित बचना किसी चमत्कार से कम नहीं है।

मां भद्रकाली के नाम पर कुत्ते का नाम भद्र रखा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस को जानवरों के खिलाफ हिंसा के ऐसे मामलों में पशु कल्याण कार्यकर्ताओं का इंतजार करने के बजाय खुद आगे बढ़कर मामला दर्ज करना चाहिए।

Courtesy:jagran. Com

No comments:

Post a Comment