Monday, 4 July 2016

स्विस बैंकों में विदेशी धन के मामले में ब्रिटेन टॉप पर, भारत खिसका

स्विटजरलैंड के बैंकों में अपने नागरिकों के जमा धन की सूची में भारत का स्थान खिसका है पिछले साल भारत जहां इस सूची में 61वें स्थान पर था वहीं अब यह खिसककर 75वें स्थान पर पहुंच गया है। इस सूची में ब्रिटेन टॉप पर है। पिछले साल भारत इस सूची में 61वें स्थान पर था। स्विस बैंकों में जमा धन मामले में 2007 तक भारत शीर्ष 50 देशों में होता था। 2004 में भारत इस सूची में अपनी सबसे ऊपरी रैंकिंग यानी 37वें स्थान पर था।

स्विटजरलैंड के केंद्रीय बैंक स्विस नेशनल बैंक (एसएनबी) के ताजा सालाना आंकड़ों के अनुसार, स्विस बैंकों में विदेशी ग्राहकों की जमा राशि 2015 के अंत तक करीब 4 प्रतिशत घटकर 1,420 अरब स्विस फ्रैंक (लगभग 98 लाख करोड़ रुपये) पर आ गई।

अलग-अलग देशों की बात की जाए, तो स्विस बैंकों में जमा विदेशियों के धन में करीब 25 प्रतिशत यानी 350 अरब स्विस फ्रैंक ब्रिटेन के नागरिकों का है। 196 अरब स्विस फ्रैंक के साथ अमेरिका दूसरे स्थान पर है। उसकी हिस्सेदारी करीब 14 प्रतिशत की है। इसके अलावा किसी देश का हिस्सा 10 प्रतिशत से अधिक नहीं है। इस सूची में शीर्ष दस देशों में वेस्ट इंडीज, जर्मनी, बहामास, फ्रांस, गर्नसी, लग्जमबर्ग, हांगकांग और पनामा शामिल हैं।

भारत इस सूची में 1.2 अरब स्विस फ्रैंक या 8,392 करोड़ रुपये के साथ 75 वें स्थान पर है। यह स्विस बैंकों में जमा विदेशी धन का 0.1 प्रतिशत से भी कम है।

इस सूची में पाकिस्तान, भारत से उपर 69वें स्थान पर है। उसके नागरिकों का स्विस बैंकों में जमा धन 1.5 अरब स्विस फ्रैंक है।

Courtesy: livehindusthan. Com

No comments:

Post a Comment