Monday, 11 July 2016

बड़े लेनदेन तथा पेनी स्टॉक ट्रेड की जांच करेगा आयकर विभाग

नई दिल्ली। आयकर विभाग ने अपने शीर्ष अधिकारियों को बड़ी राशि के लेनदेन और कौड़ियों के भाव बिक रहे शेयरों (पेनी स्टॉक) में हो रहे निवेश की जांच करने के लिए कहा है। विभाग के अनुसार ऐसा करने से काला धन रखने वालों की पहचान हो सकेगी जो मोदी सरकार द्वारा आय घोषणा स्कीम का फायदा उठा सकते हैं। विभाग ने इस मुद्दे पर देशभर के 18 क्षेत्रों में प्रिंसिपल चीफ कमिश्नरों को पत्र भेजा गया है।

उल्लेखनीय है कि सरकार ने काला धन रखने वाले लोगों को 30 सितंबर तक का समय दिया है। इस समयावधि से पहले लोग अपनी अघोषित आय का ब्यौरा देकर खुद को भविष्य में होने वाली परेशानियों से बच सकते हैं। इसके तहत देश के भीतर काला धन रखने वालों को अपनी अघोषित आय का ब्योरा देने की अनुमति दी गई है। वे 45 फीसद टैक्स और पेनाल्टी अदाकर मुकदमेबाजी व कड़ी सजा से बच सकते हैं।

काला धन रखने वाले संभावित व्यक्तियों की पहचान के लिए उठाया कदम
आयकर विभाग ने अपने अधिकारियों को उन सभी एनुअल इंफॉर्मेशन रिटर्न्स (एआइआर) की जांच करने के लिए कहा है जिनमें वैध पैन शामिल नहीं है। विभाग के अनुसार ऊंचे मूल्य के बिना पैन वाले लगभग 60 लाख एआइआर ट्रांजैक्शन हैं, जिनका ऑनलाइन ट्रैकिंग प्रणाली के जरिये पता लगाया जा सकता है। इसके साथ ही आकलन वर्ष 2009-10 से 2013-14 तक के लिए पेनी स्टॉक लेनदेन से संबंधित मामलों की सूची भी उपलब्ध कराई जा चुकी है। प्रिंसिपल चीफ कमिश्नरों को पहले ही पैन रहित एआइआर ट्रांजैक्शन का डाटाबेस भेजा जा चुका है। 

आयकर विभाग ने कहा है कि जो लोग रिटर्न फाइल नहीं करने वाले तथा टैक्स प्राधिकरणों को जवाब नहीं देने वालों की भी जांच करने के आदेश दिए हैं। साथ ही पैन रहित लेनदेन पर निगरानी रखने के लिए भी कहा है। उल्लेखनीय है कि विभाग ई-फाइलिंग पोर्टल पर नई कार्यक्षमता विकसित कर रहा है।

Courtesy: patrika.com

No comments:

Post a Comment