Friday, 30 September 2016

शहाबुद्दीन की SC से गुहार, बिहार छोड़ दूंगा, लेकिन जमानत रद्द ना करें

शहाबुद्दीन की जमानत रद्द होगी या नहीं, शहाबुद्दीन दोबारा जेल जाएगा या नहीं इस पर सुप्रीम कोर्ट शुक्रवार को अपना फैसला सुनाएगा. बिहार सरकार के वकील और तेजाब कांड के पीड़ित चंदा बाबू के वकीलों की दलील के बाद गुरूवार को बारी शहाबुद्दीन के वकीलों की थी. शहाबुद्दीन के वकील शेखर नाफड़े ने कई तकनीकी पहलुओं के सहारे जमानत रद्द ना करने के लिए जोरदार पैरवी की.

उन्होंने दलील दी कि चंदा बाबू के जिस तीसरे लड़के की हत्या का आरोप उनके मुवक्किल पर है, उस हत्या के समय तो वो जेल में था. दूसरी तरफ चंदा बाबू के वकील प्रशांत भूषण ने कोर्ट से कहा कि शहाबुद्दीन जेल में था, लेकिन अपनी मर्जी से जब चाहता था, बाहर आ जाता था और ये बात तो सीवान के मजिस्ट्रेट ने भी अपनी रिपोर्ट में बताई थी.

शहाबुद्दीन के वकील ने दलील दी की उनके मुवक्किल को चार्जशीट की कॉपी तक नहीं दी गई. कोर्ट ने चार्जशीट वाले आरोप पर जब बिहार सरकार के वकील से पूछा तो बिहार सरकार के पास कोई जवाब नहीं था. जिस पर कोर्ट ने टिप्पणी की कि ये तो गंभीर बात है कि 17 महीने तक अभियुक्त को चार्जशीट की कॉपी नहीं दी गई. प्रशांत भूषण ने इस आरोप का जवाब देते हुए कहा कि शहाबुद्दीन ने कभी भी चार्जशीट की मांग नहीं की. ऐसे में ये आरोप बेबुनियाद है.

आखिर में शहाबुद्दीन ने कोर्ट से ये गुहार लगाई कि आप जो चाहें शर्ते लगा दें. आप कहें तो मैं बिहार छोड़ने को तैयार हूं, लेकिन जमानत रद्द न की जाए. कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद शुक्रवार के लिए अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है.

Courtesy :aajtak.in

पतंजलि के बाद अब फिल्मी गाने गाएंगे बाबा रामदेव

मुंबई। योग गुरु बाबा रामदेव गायन रियलिटी शो ‘द वॉयस इंडिया किड्स’ में नजर आएंगे।

रामदेव महात्वाकांक्षी युवा गायकों को तनाव खत्म करने से संबंधित सुझाव देंगे।

रामदेव ने कहा, “मैं ‘द वॉयस इंडिया किड्स’ में शामिल होने को लेकर बेहद खुश हूं। मैं बच्चों को हर सुबह योग करने का सुझाव देना पसंद करूंगा। इससे इनकी प्रतिभा में निखार

रामदेव के बारे में गायक शान ने कहा, “वह योग के लिए जाने जाते हैं और मैं अक्सर उनकी बातों का अनुसरण करता हूं। मैं इस बात से खुश हूं कि उन्होंने योग से प्रतिभागियों को तनाव खत्म करने व आवाज निखारने का सुझाव दिया।”

शान इस टीवी शो में बतौर कोच नीति मोहन और शेखर रवजियानी के साथ नजर आ रहे हैं। सभी कोच बाबा रामदेव के शो में आने की बात को सुनकर उत्साहित हैं।

Courtesy :live today. Online

सर्जिकल स्ट्राइक पर शाह ने PM को दी बधाई, केजरी बोले- भारत माता की जय

भारत के LoC पर सर्जिकल स्ट्राइक करने पर देश के तमाम नेताओं की ओर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया है- 'भारत माता की जय. पूरा देश भारतीय सेना के साथ है.' भारतीय फौज ने बुधवार की देर रात नियंत्रण रेखा पार करके पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकियों को मार गिराया है.

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने सर्जिकल स्ट्राइक पर पीएम मोदी को बधाई दी है. अमित शाह ने कहा है कि पहली बार आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया गया है. बीजेपी नेता राम माधव ने भी सरकार की तारीफ की है. यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा है कि अगर आर्मी ने फैसला लिया है तो पूरा देश उनका समर्थन करेगा. वहीं बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा है कि यह सभी आतंकवादियों के लिए एक सीख है. हमारे पास आत्म सुरक्षा का अधिकार है.

पाकिस्तान में घुसकर किया ढेर
पूंछ और उरी में हुए आतंकी हमले में जवानों की शहादत का बदला भारत ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकियों को ढेर कर के लिया है. DGMO और विदेश मंत्रालय की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह खुलासा किया गया कि भारतीय फौज ने बुधवार देर रात नियंत्रण रेखा को पार करते हुए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक किया.

Courtesy :aajtak.in

भारत-PAK तनाव घटाने की कोशिश में चीन

चीन ने कहा है कि वो लगातार भारत और पाकिस्तान के साथ विभिन्न स्तरों पर संवाद कर रहा है. चीन ने साथ ही उम्मीद जताई कि तनाव में कमी आएगी. चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जेंग शुआंग ने कहा, 'बीजिंग उम्मीद करता है कि भारत और पाकिस्तान संवाद बढ़ाएंगे और अपने मतभेदों से सही तरीके से निपटेंगे, साथ ही क्षेत्र की शांति और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए मिल कर काम करेंगे.'

प्रेस ब्रीफिंग में प्रवक्ता ने एक सवाल के जवाब में कहा, जहां तक पाकिस्तान और भारत में तनाव का सवाल है तो चीन दोनों पक्षों के साथ विभिन्न चैनलों के माध्यम से संवाद कर रहा है. उरी आतंकी हमले के बाद चीन कूटनीतिक तौर पर संतुलन के लिए सतर्क बयान दे रहा है. प्रवक्ता ने कहा कि चीन भारत और पाकिस्तान का पड़ोसी मित्र देश है.

प्रवक्ता ने कहा कि चीन उम्मीद करता है कि भारत और पाकिस्तान अपने मतभेदों से सही तरीके से निपटेंगे और द्विपक्षीय रिश्ते को सुधारने के लिए काम करेंगे. साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाएंगे और क्षेत्रीय शांति, विकास और स्थिरता के लिए मिलकर काम करेंगे.

गौरतलब है कि चीन ने हाल में पाकिस्तान की तरफ से आए ऐसे दो बयानों को खारिज कर दिया था कि चीनकश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान का समर्थन कर रहा है. चीन ने इस पर कहा था कि उसका तटस्था का रुख सतत है.

चीन ने जहां उरी हमले की कड़े शब्दो में निंदा की, वहीं ये भी कहा कि स्थिरता कायम रखने के लिए सिर्फ पाकिस्तान ही नहीं, भारत की भी जिम्मेदारी है. जाहिर है चीन की कोशिश यही है कि अपने बयान से किसी भी पक्ष को नाराज ना किया जाए और अपना तटस्थ रवैया भी दिखाया जाए. गुरुवार को पाकिस्तान ने कश्मीर पर अपने विशेष दूतों के तौर पर दो सांसदों को चीन भेजा. ये दोनों सांसद चीन के उप विदेश मंत्री लियू झेनमिन से मुलाकात करेंगे.

Courtesy :aajtak.in

हॉकी : भारत ने पाक को 3-1 से हराया

भारत ने ढाका में खेली जा रही अंडर 18 एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में पाकिस्तान को 3-1 से हरा दिया है.

इसके साथ ही भारत टूर्नामेंट के फ़ाइनल में पहुँच गया है.

भारतीय खिलाड़ियों ने खेल की शुरुआत से ही आक्रामक हॉकी खेली.

पहला हाफ पूरी तरह से भारत के नाम रहा और भारत ने दो गोल कर 2-0 की बढ़त हासिल की.

दूसरे हाफ में भी भारत ने खेल की आक्रामकता कम नहीं होने दी और एक और गोल दागकर बढ़तर को 3-0 कर दिया.

खेल खत्म होने में 10 मिनट बाकी थे और पाकिस्तानी खिलाड़ी गोल करने को बेताब थे, तभी उन्हें भारतीय गोल को भेदने में सफलता मिली और स्कोर 3-1 हो गया.

यही गोल मुक़ाबले का आखिरी गोल साबित हुआ.

Courtesy :BBC. Com

राहुल गांधी को आरएसएस मानहानि मामले में जमानत मिली

गुवाहाटी। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को मानहानि के एक मामले में गुवाहाटी की स्थानीय अदालत में पेश हुए, जिसके बाद उन्हें जमानत मिल गई। कामरूप जिले के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत ने राहुल को 50,000 रुपये के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया। मामले की अगली सुनवाई पांच नंवबर को होगी। मामला राहुल की पिछले साल 12 दिसंबर को बारपेटा सात्रा की यात्रा के दौरान का है।

बाद में राहुल ने अदालत के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी लड़ाई राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की देश को बांटने की विचारधारा के खिलाफ है और यह जारी रहेगी। राहुल ने अदालत में पेश होने के बाद कहा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) देश को बांटना चाहता है और मेरी लड़ाई उनके खिलाफ है। मैं डरता नहीं हूं और गरीबी, बेरोजगारी और पिछड़ेपन के खिलाफ मेरी लड़ाई जारी रहेगी।आरएसएस के एक स्वयंसेवक ने पिछले साल गांधी के खिलाफ मामला दायर किया था।
सीजेएम की अदालत ने इस मामले में विभिन्न गवाहों की जांच के बाद राहुल को 29 सितंबर को अदालत में पेश होने को कहा था। याचिकाकर्ता के वकील बिजान महाजन ने मीडिया से कहा, गांधी को निजी मुचलके के तहत राहत मिली है। अदालत ने याचिकाकर्ता की अनुमति से उन्हें एक निजी मुचलके पर रिहा किया है। राहुल ने कहा, वे (भाजपा) उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए मेरी 30 दिनों की यात्रा में व्यवधान डालना चाहते हैं। यही कारण है कि मेरे खिलाफ ऐसे मामले दर्ज किए जा रहे हैं। 

राहुल दिसबंर में बारपेटा सात्रा का दौरा करने वाले थे, लेकिन उन्होंने इसमें शामिल न होने का निर्णय लिया और इसके बदले उन्होंने एक रैली में हिस्सा लिया था। बाद में उन्होंने नई दिल्ली में मीडिया से कहा कि आरएसएस के कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें सात्रा में प्रवेश करने नहीं दिया। स्वयंसेवक ने घटना में आरएसएस की भूमिका से इनकार करते हुए राहुल पर सात्रा की छवि धूमिल करने का भी आरोप लगाया था।

Courtesy : paprika. Com

सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भारतीय उच्चायुक्त को पाकिस्तान ने किया तलब

इस्लामाबाद, एएनआई। गुलाम कश्मीर में घुसकर भारतीय सेना की तरफ से करीब 38 से 40 आतंकियों को सर्जिकल स्ट्राइक में मारने की ख़बर के बाद जहां एक तरफ भारत में सेना की वाहवाही की जा रही है तो वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान पूरी तरह से बौखलाया हुआ है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की तरफ से पाक में तैनात भारतीय उच्चायुक्त गौतम बंबावले को तलब किया गया है। हालांकि, पाकिस्तान की तरफ से सर्जिकल स्ट्राइक की खबर की पूरी तरह से खारिज कर दिया गया है। पाकिस्तान ने इसे अक्सर भारत की तरफ से की जा रही फायरिंग यानि सीजफायर का उल्लंघन करार दिया है। हालांकि, पाकिस्तान ने अपने 2 जवानों के मारे जाने की पुष्टि है। पढ़ें- सर्जिकल स्ट्राइक: भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक को संतों ने बताया उचित कदम सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान में हलचल किस कदर मची है इस बात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जहां एक तरफ पीएम नवाज शरीफ ने 5 अक्टूबर को संयुक्त सत्र बुलाया है, तो वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान के रक्षामंत्री आसिफ मोहम्मद ख्वाजा ने कहा कि हम पर जबरन युद्ध थोपा जा रहा है।

Courtesy :jagran. Com

दिग्विजय मानहानि मामलाः उमा भारती के खिलाफ वारंट जारी

अरुण दीक्षित, भोपाल
केन्द्रीय जल संसाधन तथा गंगा संरक्षण मंत्री उमा भारती और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह के बीच चल रहा मानहानि का मुकदमा फिलहाल उमा भारती पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। दिग्विजय से सुलह की उमा की कोशिशें कामयाब नहीं हो पाई है। इसी वजह से भोपाल की जिला अदालत ने गुरुवार को उमा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।

गौरतलब है कि 2003 के विधानसभा चुनाव से पहले तब की बीजेपी की मुख्यमंत्री प्रत्याशी उमा भारती ने दिग्विजय सिंह पर 15 हजार करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया था। उमा ने अपना पूरा अभियान इसी घोटाले को केन्द्र में रख कर चलाया था। तब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार हुई थी। बाद में दिग्विजय सिंह ने उमा भारती के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। दिग्विजय का कहना था कि उमा मेरे खिलाफ 15 रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप भी साबित नहीं कर सकती हैं। 15 हजार करोड़ तो दूर की बात हैं।

पिछले 12 साल से चल रहे इस मुकदमे को अदालत से बाहर खत्म करने की कोशिश भी उमा भारती ने की थी। वे दिग्विजय से समझौता करना चाहती थीं। इस संबंध में फरवरी 2016 में दोनो पक्षों के वकीलों में बातचीत भी हुई थी। उमा ने इस बारे में अभी तक सार्वजनिक तौर पर कुछ नहीं कहा हैं। लेकिन दिग्विजय सिंह ने यह माना था कि उमा की ओर से समझौते का प्रस्ताव आया है। उन्होंने कहा, 'मेरी केवल एक शर्त हैं कि उमा अदालत में मुझसे माफी मांग लें। मैं मुकदमा वापस ले लूंगा।'

इस मामले में अदालत उमा भारती को अपना पक्ष रखने के लिये कई बार बुला चुकी है। लेकिन वह अभी तक अदालत में हाजिर नहीं हुई हैं। गुरुवार को भी उनके वकील ने अदालत से समय मांगा था। उमा भारती ने अदालत में उपस्थित न हो पाने के लिए अदालत से माफी भी मांगी थी, लेकिन अदालत ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है।

Courtesy :India times.com

निसान ने लॉन्च की नई Datsun रेडी-गो स्पोर्ट, साक्षी मलिक को बनाया ब्रांड एंबेसडर

इस कार में कंपनी ने ब्लैक रंग का स्पेशल इंटीरियर और रियर पार्किंग सेंसर जैसे फीचरों की सुविधा दी है।

जापान की कार निर्माता कंपनी निसान ने गुरुवार को डैटसन रेडी-गो स्पोर्ट कर पेश की। यह कार कंपनी की हाल में आई हैचबैक कार रेडी-गो का लिमिटेड एडिशन है। इसकी दिल्ली के शोरूम में कीमत 3.49 लाख रुपए है। कंपनी ने ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता रही साक्षी मलिक को इस कार का ब्रांड एंबेसडर बनाया है। इस कार में कंपनी ने ब्लैक रंग का स्पेशल इंटीरियर और रियर पार्किंग सेंसर जैसे फीचरों की सुविधा दी है। यह बाजार में आगामी त्यौहारी बिक्री के मौसम में उपलब्ध होगी।

800cc इंजन वाली यह कार पॉवर और माइलेज के मामले में काफी बेहतर है। कंपनी के मुताबिक कार का माइलेज 25 का है। फिलहाल इस कार में 5 स्पीड मैन्युअल ट्रांसमिशन लगे है। कंपनी जल्द ही इस कार को AMT के साथ लॉन्च कर सकती है। AMT वाले मॉडल की अनुमानित कीमत 3.50 लाख रुपए से ऊपर हो सकती है। इसे अगले साल मार्च-अप्रैल में उतारा जा सकता है। रेडी-गो का सीधा मुकाबला रेनो की क्विड, मारुति सुजुकी आल्टो 800 और हुंडई की स्टाइलिश कार EON से होगा।

कंपनी के भारत में प्रबंध निदेशक अरूण मल्होत्रा ने कहा कि डैटसन रेडी-गो ने भारत में युवाओं के सामने एक अच्छा विकल्प पेश किया और अब इस सीमित संस्करण को पेश करते हुए हमें खुशी हो रही है। इसे हमने स्पोर्टी लुक दिया है। कार के बारे में साक्षी ने कहा कि उन्हें यह बहुत पसंद आई है और वह इसे रोज अपने अभ्यास सत्र के दौरान लेकर जाएंगी। मल्होत्रा ने साक्षी को इस कार की पहली चाबी सौंपकर उन्हें इसका पहला ग्राहक भी बनाया। कंपनी ने यह कार लाल, सफेद और ग्रे रंग में पेश की है। कार पर काले रंग की पट्टियों से बाहरी साजसज्जा कर उसे स्पोर्टी और डायनमिक लुक दिया गया है।

Courtesy :Jansatta. Com

बौखलाए PAK से निपटने को भारत तैयार, खाली कराए जाएंगे बॉर्डर के पास के गांव

गृह मंत्री राजनाथ सिंह

भारत ने पहली बार एलओसी पार कर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में 3 किलोमीटर अंदर जाकर आतंकियों के 6 कैंप को नेस्तनाबूद किया है. हालांकि पाकिस्तान इसे सर्जिकल स्ट्राइक नहीं मान रहा लेकिन वह इसका बदला लेने की धमकी दे चुका है. लेकिन किसी भी बदले से निपटने के लिए भारत ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है.

पंजाब में सरहद के 10 किलोमीटर के अंदर तक गांव खाली कराने के लिए कहा गया है. भारतीय सेना के एलओसी के पार जाकर सर्जिकल स्ट्राइक्स के बाद बार्डर सिक्योरिटी फोर्स ने अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर चौकसी बढ़ा दी है. बॉर्डर पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर दी गई है. एएनआई के मुताबिक वाघा बार्डर पर आज शाम को होने वाली रिट्रीट सेरेमनी को भी रद्द कर दिया गया है.

सरहद से लगते पंजाब के जिलों में प्रशासन को बॉर्डर से 10 किलोमीटर अंदर तक पड़ने वाले गांवों को खाली कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है. इस बारे में गांव सरपंचों और स्थानीय अधिकारियों को जल्दी से जल्दी गांव खाली कराने के लिए कह दिया गया है.

इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने चंडीगढ़ में सभी विधायकों, मत्रियों और क्राइसिस मैनेजमेंट के अधिकारियों के साथ बैठ बुलाई है.

शाम 4 बजे बुलाई गई सर्वदलीय बैठक
सर्जिकल स्ट्राइक से जुड़ी जानकारी हर पार्टी को देने के लिए सरकार ने शाम 4 बजे ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई है. जिसमें कांग्रेस की ओर से गुलाम नबी आजाद शामिल होंगे. इससे पहले ही राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भारतीय ऑपरेशन के बारे में बताया जा चुका है.

Courtesy :aajtak.in

Thursday, 29 September 2016

बंद होगी हिंदुस्तान केबल्स लिमिटेड

मोदी कैबिनेट

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने हिंदुस्तान केबल्स लिमिटेड को बंद करने की मंजूरी दे दी है. कैबिनेट ने जीएसटी के कार्यान्वयन के लिए सीबीईसी के आईटी बुनियादी ढांचे में सुधार करने के लिए वित्त मंत्री के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है.

केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री अनंत गीते ने पहले ही हिंदुस्तान केबल्स लिमिटेड को बंद करने की घोषणा कर दी थी. उन्होंने कहा था कि कंपनी के पुनरुद्धार की कोई संभावना नहीं है.

कैबिनेट ने पूर्वी साइबेरिया में रूस के तास-यूरियाख तेल क्षेत्र में 1.3 अरब डॉलर में आईओसी-ओआईएल-बीपीसीएल द्वारा 29.9 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है.

Courtesy :aajtak.in

सानिया-स्ट्राइकोवा की जोड़ी वुहान ओपन के तीसरे दौर में

सानिया मिर्जा-बारबरा स्ट्राइकोवा (फाइल फोटो)

वुहान (चीन): भारत की सानिया मिर्जा और चेक गणराज्य की उनकी जोड़ीदार बारबरा स्ट्राइकोवा ने कड़े मुकाबले में गैब्रिएला दाब्रोवस्की और मारिया जोस मार्टिनेज सांचेज को हराकर मंगलवार को वुहान ओपन टेनिस टूर्नामेंट के तीसरे दौर में जगह बनाई.

भारत और चेक गणराज्य की जोड़ी ने कनाडा और स्पेन की जोड़ी को एक घंटे और 15 मिनट चले दूसरे दौर के मुकाबले में 3-6, 6-3, 10-5 से हराया.

सानिया और स्ट्राइकोवा अगले दौर में टीमिया बाबोस और यारोस्लाव श्वेदोवा तथा टीमिया बाकसिंजस्की और स्वेतलाना कुज्नेत्सोवा के बीच होने वाले मैच की विजेता से भिड़ेगी.

सानिया ने स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस का साथ छोड़कर स्ट्रायकोवा के साथ जोड़ी बनाई है. तब से इस जोड़ी ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया है. इस जोड़ी का पहला टूर्नामेंट सिनसिनाटी ओपन था जहां इन्होंने हिंगिस और कोको वानडेवेघे की जोड़ी को फाइनल में मात देते हुए खिताब पर कब्जा जमाया था।.

सानिया-स्ट्रायकोवा की जोड़ी ने अभी तक सिर्फ एक मैच ही गंवाया है. इस जोड़ी को अमेरिकी ओपन के क्वार्टरफाइनल में हार मिली थी. पिछले सप्ताह ही इस जोड़ी ने टोक्यो में पैन पेसिफिक ओपन का खिताब अपने नाम किया जोकि इनका दूसरा खिताब है.

Courtesy :ndtv.com

वीआरएस व इस्तीफे में फर्क नहीं: इलाहाबाद हाईकोर्ट

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण आदेश में कहा है कि स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) व इस्तीफा देना, दोनों में कोई फर्क नहीं है। कोर्ट ने कहा कि सेवानिवृत्ति या इस्तीफा सेवा समाप्ति के तरीके हैं जिनसे नियोक्ता व कर्मचारी के बीच संविदा का अंत होता है।

कोर्ट ने कहा कि यह नहीं कहा जा सकता कि स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति व इस्तीफा से सेवा समाप्ति के तरीके में कोई अंतर है। यह नियोक्ता व कर्मचारी के बीच करार की विषय वस्तु है। इसी के साथ कोर्ट ने शिवचरनदास कन्हैया लाल इंटर कॉलेज इलाहाबाद में 30 वर्ष की सेवा के बाद इस्तीफा देने वाले अध्यापक को सेवानिवृत्ति परिलाभों का हकदार माना और उन्हें आठ हफ्ते के भीतर पेंशन व अन्य परिलाभों का निर्धारण कर वास्तविक भुगतान करने का निर्देश दिया।

यह आदेश न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल ने डॉ. राम किशोर शुक्ल की याचिका पर अधिवक्ता पीयूष शुक्ल व वरिष्ठ अधिवक्ता आरके ओझा को सुनकर दिया। याचिका में इस्तीफा स्वीकार होने के आधार पर पेंशन देने के आदेश की वैधानिकता को चुनौती दी गई थी। कहा गया था कि याची ने पारिवारिक समस्या के कारण लेक्चरर पद से त्यागपत्र दे दिया था लेकिन जल्द ही उसे वापस लेने की अर्जी भी दी थी। कॉलेज की प्रबंध समिति ने इस्तीफा स्वीकार किए जाने के आधार पर याची को पेंशन देने से इनकार कर दिया। याची का कहना था कि सेवा नियमावली 1964 के अनुसार 25 साल की सेवा के बाद कर्मचारी को पेंशन पाने का अधिकार है। याची ने 30 साल तक सेवा की है इसलिए उसे पेंशन पाने का अधिकार है।

Courtesy :live hindustan. Com

कमोडिटी मार्केट के लिए सेबी का बड़ा फैसला, ऑप्शंस को दी मंजूरी

नई दिल्ली। कमोडिटी डेरीवेटिव्स मार्केट में मजबूती के साथ साथ लिक्विडिटी बढ़ाने के लिए सेबी ने ऑप्शंस ट्रेडिंग को मंजूरी दे दी है। एक्सचेंज, पार्टिसपेन्ट और इनवेस्टर काफी समय से ऑप्शंस को मंजूरी देने की मांग कर रहे थे। अब तक कमोडिटी डेरीवेटिव मार्केट में सिर्फ फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट को मंजूरी मिली हुई है। मार्केट एक्सपर्ट ने सेबी के इस फैसले का स्वागत किया है और इसे पूरे मार्केट के लिए पॉजिटिव बताया है ।

मार्केट में लिक्विडिटी और पार्टिसिपेशन बढ़ेगा- सेबी

सेबी के मुताबिक इस फैसले से कमोडिटी डेरिवेटिव मार्केट की ग्रोथ में मदद मिलेगी। इसके साथ ही लिक्विडिटी बढ़ाने और कमोडिटी मार्केट में हेजिंग को आसान बनाने में मदद मिलेगी। सेबी के मुताबिक इस फैसले से पार्टिसिपेशन बढ़ाने में भी मदद होगी। इस बार के आम बजट में वित्त मंत्री ने ऐलान किया था कि कमोडिटी डेरिवेटिव में नए डेरिवेटिव प्रोडक्ट लाए जाएंगे।नियमों के मुताबिक कमोडिटी एक्सचेंज को ऑप्शंस शुरू करने के लिए सेबी से मंजूरी लेनी होगी। इससे जुड़ी गाइडलाइन जल्द जारी होंगी। सेबी ने डेरिवेटिव प्रोडक्ट पर फैसले के लिए कमोडिटी डेरिवेटिव्स एडवाइजरी कमेटी का गठन किया था।  सेबी के मुताबिक कमेटी की मिली सलाह के बाद कमोडिटी डेरिवेटिव एक्सचेंज को ऑप्शंस की मंजूरी दी गई है। सेबी ने एफएमसी के मर्जर के साथ कमोडिटी डेरिवेटिव मार्केट का रेग्युलेशन पिछले साल 28 सितंबर से अपने हाथ में लिया था। मर्जर की शर्त के अनुसार एफएमसी द्वारा बनाए गए नियम एक साल तक जारी रहे थे।  ये सीमा अब खत्म हो गई है। जिसके बाद नियमों में बदलाव किया जा सकता है।  

मार्केट को मिलेगा फायदा- एक्सपर्ट

एमसीएक्स के सीईओ मृगांक परांजपे ने कहा कि ऑप्शंस की शुरुआत से कमोडिटी डेरिवेटिव्ज मार्केट्स प्रोडक्ट्स और पार्टिसपेन्ट के लिए और ज्यादा बेहतर होंगे। वहीं इससे मार्केट में सुधार देखने को मिलेगा। फैसले से मौजूदा वायदा कॉन्ट्रैक्ट को भी मजबूती मिलेगी और घरेलू कमोडिटी डेरिवेटिव मार्केट में ग्रोथ देखने को मिलेगी। ऑप्शंस की शुरुआत से किसानों और दूसरे पार्टिसपेन्ट को काफी फायदा होगा।  

केडिया कमोडिटी के अजय केडिया के मुताबिक कमोडिटी मार्केट में ऑप्शंस की शुरुआत होने से मार्केट में निवेशकों का पार्टिसिपेशन काफी बढ़ सकता है। वहीं, इस प्रोडक्ट से निवेशकों के लिए जोखिम कम हो जाएगा। कम जोखिम की वजह से कमोडिटी मार्केट में वॉल्यूम कई गुना तक बढ़ सकते हैं।  फ्यूचर और ऑप्शंस में मुख्य अंतर कॉन्ट्रैक्ट पूरा करने की बाध्यता को लेकर होता है। ऑप्शंस में खरीददार के पास खरीद का अधिकार होता है। हालांकि इसमें बाध्यता यानी आब्लिगेशन नहीं होती।  कमोडिटी ऑप्शंस से किसानों और प्रोसेस करने वाली कंपनियों को कीमतों से जुड़े जोखिम कम करने में मदद मिलेगी।

Courtesy :moneybhaskar.com

सुप्रीम कोर्ट ने BCCI से कहा, भगवान नहीं

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने बीसीसीआई को कड़ी चेतावनी दी और कहा यदि वह अदालत के आदेशों का पालन नहीं करता है तो वह उसे ‘सही रास्ते पर ले आएगा’ और कहा कि यह धनाढ्य खेल संस्था ‘भगवान’ की तरह व्यवहार नहीं कर सकती और उसे यह नहीं सोचना चाहिए वह स्वयं कानून है.

सुप्रीम कोर्ट ने यह चेतावनी इसलिए दी है क्योंकि न्यायमूर्ति आर एम लोढ़ा समिति ने कहा कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शीर्ष अदालत के निर्देशों को नजरअंदाज किया है और उसके अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर ने अदालत को कमतर आंकने वाले कई आपत्तिजनक बयान दिये हैं. लोढ़ा पैनल ने बीसीसीआई के वर्तमान पदाधिकारियों को तुरंत प्रभाव से हटाने और प्रशासकों के पैनल को नियुक्त करने के लिये सुप्रीम कोर्ट से निर्देश देने की अपील की ताकि पुरानी प्रणाली उस नयी प्रणाली में आसानी से तब्दील की जा सके जिसकी उसने सिफारिश की है.

पैनल ने अदालत में कहा कि बीसीसीआई ने जो फैसले किये हैं वे 18 जुलाई के फैसले के विपरीत हैं. उसने कहा कि बीसीसीआई और उसके अधिकारी निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं और बार बार बयान जारी कर अदालत और लोढा पैनल के सदस्यों के अधिकार को कमतर आंक रहे हैं जिससे सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को लागू करने में गंभीर बाधायें पैदा हो रही हैं. प्रधान न्यायाधीश टी एस ठाकुर की अगुवाई वाली पीठ ने कहा, ‘‘यदि बीसीसीआई सोचता है कि वह स्वयं को कानून से उपर समझता है तो वह गलत है. उसे अदालत के आदेशों का पालन करना होगा. ’’

मुख्य न्यायाधीश सहित न्यायमूर्तित ए एम खानविलकर और डीवाई चंद्रचूड़ की पीठ ने कहा, ‘‘आप (बीसीसीआई) भगवान की तरह व्यवहार कर रहे हो. आदेश का पालन करो, वर्ना हम तुम्हें सही रास्ते पर लेकर आएंगे. ’’

बीसीसीआई की तरफ से उपस्थित वरिष्ठ वकील अरविंद दातर ने कहा कि बीसीसीआई ने अधिकतर निर्देशों का पालन किया है और धीरे धीरे बाकी का पालन भी करेंगे.
इस पर पीठ ने कहा, ‘‘कानून की अवज्ञा नहीं करनी चाहिए. जैसे चीजें घट रही हैं, उससे हम खुश नहीं हैं. हमें बीसीसीआई से इस रवैये की उम्मीद थी लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए. आपको अदालत के निर्देशों का पालन करना होगा. ’’

पीठ ने बीसीसीआई को लोढ़ा पैनल की स्थिति रिपोर्ट पर जवाब देने के लिये छह अक्टूबर का समय दिया है. पैनल ने क्रिकेट संस्था में आमूलचूल बदलाव की सिफारिश की है. लोढ़ा पैनल ने सर्वोच्च न्यायालय में दायर स्थिति रिपोर्ट में कहा है कि बीसीसीआई ने 21 सितंबर को अपनी वाषिर्क आम बैठक में कई फैसले लिये जो समिति द्वारा 31 अगस्त को जारी किये निर्देशों का उल्लंघन है.

इन फैसलों में अजय शिर्के को सर्वसम्मति से फिर से बीसीसीआई सचिव चुना जाना भी शामिल है. लोढ़ा पैनल ने आगे कहा कि ठाकुर उन कई ईमेल का जवाब नहीं दे रहे हैं जो उन्हें भेजे गये थे. इसके अलावा वह पैनल के समक्ष उपस्थित होने के नौ अगस्त के आदेश का पालन भी नहीं कर रहे हैं. पैनल ने रिपोर्ट में कहा, ‘‘उन्होंने (बीसीसीआई अध्यक्ष) आईसीसी से भी आग्रह किया है कि वह पत्र जारी करे जिसमें यह उल्लेख किया गया हो कि इस समिति की सिफारिशों को सरकार का हस्तक्षेप माना जाए. इसके अलावा पिछले कुछ सप्ताहों में उन्होंने मीडिया में कई आपत्तिजनक टिप्पणियां की जो इस (उच्चतम न्यायालय) अदालत और समिति के अधिकारों को कम आंकते हैं. ’’

Courtesy: abplive. In