Wednesday, 3 May 2017

माल्या को वापस लाने के लिए लंदन पहुंची CBI-ईडी की टीम

माल्या को वापस लाने के लिए लंदन पहुंची CBI-ईडी की टीम (फाइल फोटो)

नई दिल्लीः  भारतीय बैंकों का कर्ज चुकाए बिना भारत छोड़कर लंदन भागे शराब कारोबारी विजय माल्या का प्रत्यर्पण कराने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की एक संयुक्त टीम लंदन पहुंच गई है. पांच सदस्यीय संयुक्त टीम में सीबीआई के तीन अधिकारी और ईडी के दो अधिकारी शामिल हैं. ईडी और सीबीआई की यह संयुक्त टीम सोमवार को लंदन के लिए रवाना हुई थी. 

सूत्रों ने कहा कि टीम भारतीय बैंकों का 8,191 करोड़ रुपये का ऋण चुकाए बिना मार्च 2016 में भारत छोड़कर ब्रिटेन भागे माल्या का प्रत्यर्पण कराने का प्रयास करेगी. सरकार का कहना है कि उसकी एजेंसियां माल्या को न्याय के कटघरे में खड़ा करने के लिए उसे भारत वापस लाने का पूरा प्रयास कर रही हैं. माल्या को पिछले महीने लंदन में गिरफ्तार करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया था. मामले की अगली सुनवाई 17 मई को होगी. भारत सरकार ने इस साल फरवरी में ब्रिटिश प्रशासन से माल्या के प्रत्यर्पण का आधिकारिक तौर पर आग्रह किया था.

प्रत्यर्पण की प्रक्रिया

पिछले महीने ब्रिटिश सरकार ने माल्या के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के संबंध में भारत के आग्रह को प्रमाणित कर इसे आगे की कार्रवाई के लिए एक जिला न्यायाधीश के पास भेज दिया था. ब्रिटेन से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में न्यायाधीश द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी करने सहित कई कदम शामिल होते हैं. वारंट के मामले में व्यक्ति को गिरफ्तार किया जाता है और प्रारंभिक सुनवाई के लिए अदालत लाया जाता है. फिर विदेश मंत्री द्वारा अंतिम फैसला किए जाने से पहले एक प्रत्यर्पण सुनवाई होती है.

वांछित व्यक्ति को किसी भी फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक उच्च अदालतों में अपील करने का अधिकार होता है. इस साल के शुरू में एक सीबीआई अदालत ने 720 करोड़ रुपये के आईडीबीआई बैंक ऋण डिफॉल्ट मामले में माल्या के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था. माल्या फार्मूला वन टीम का मालिक है.

Source:zeenews.com

No comments:

Post a Comment