Tuesday, 23 May 2017

कचरा लेने अब आपके पास खुद पहुंचेगा डस्टबिन

संवाद सहयोगी, मंडी : अबआपको कूड़ा-कचरा फेंकने के लिए यहां-वहां नहीं भटकना पड़ेगा। मोबाइल पर केवल एक क्लिक से डस्टबिन आपके पास पहुंच जाएगा। आइआइटी मंडी के प्रशिक्षुओं ने ऐसा डस्टबिन तैयार किया है जो मोबाइल फोन से नियंत्रित होगा और आपके दिशानिर्देश के तहत ही काम करेगा। यह स्मार्ट डस्टबिन कूड़ा भी छांट कर लेगा। इसके लिए डस्टबिन में तीन अलग-अलग चैंबर बनाए गए हैं। इसमें एक प्लास्टिक कचरे, दूसरा कांच व अन्य प्रकार के कचरे तथा एक चैंबर कागज जैसे कचरे के लिए बनाया गया है।

डस्टबिन में कूड़ा डालने पर अपने आप कूड़ा अपने चैंबर में चला जाएगा। जब डस्टबिन भर जाएगा तो यह अपने आप बंद हो जाएगा। इसके बाद कूड़ा नहीं लेगा। यह डस्टबिन किचन, कमरे, गार्डन के साथ कहीं पर भी पहुंच जाएगा। चार टायर वाले स्मार्ट डस्टबिन में विद्युत चालित मोटर लगाई गई है, जिससे यह डस्टबिन यहां से वहां जाएगा। सधूता एप से इसे नियंत्रित किया जाएगा। प्रो. कैलाश श्रीवास्तव व राजेश घोष ने बताया कि आज के समय में लोगों के पास समय की कमी रहती है। ऐसे में यह डस्टबिन गंदगी फैलने से रोकने का काम करेगा।

15 हजार रुपये है कीमत : आइआइटी प्रशिक्षु आदित्य शर्मा, ध्रुव पटेल, विश्वजीत, उत्कृष्ट, अक्ष गौतम व सुमित ने बताया कि इस डस्टबिन की कीमत करीब 15 हजार रुपये तक है। इसे अभी छोटे लेबल पर बनाया गया है, लेकिन इसी तरह के डस्टबिन नगर निकायों में कूड़ा-कचरा उठाने के लिए भी अच्छा विकल्प हो सकते हैं विशेषकर शहर में जहां गलियों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ी नहीं पहुंचती है वहां पर हर मोहल्ले में इस तरह के डस्टबिन रखे जा सकते हैं। जरूरत पड़ने पर लोग डस्टबिन में कूड़ा डाल सकते हैं। इससे जहां समय की बचत होगी, वहीं स्वच्छता भी रहेगी। उन्होंने कहा कि डस्टबिन भर जाने पर यह चिह्नित जगह पर कूड़ा खाली भी अपने आप करेगा।

कैसे काम करेगा स्मार्ट डस्टबिन
स्मार्ट डस्टबिन जीपीएस से संचालित होगा। डस्टबिन में पहले से ही लोकेशन फीड होगी और मोबाइल से इंटरनेट के माध्यम से कमांड देने पर यह डस्टबिन काम करना शुरू कर देगा। इसके लिए स्मार्ट डस्टबिन में मोबाइल फोन की बैटरी की तरह एक बैटरी फिट की गई है। साथ ही जो मोटर इसमें लगाई गई है वह इस डस्टबिन को यहां से वहां ले जाने का काम करेगी।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment