राॅयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने फिरोजशाह कोटला के मैदान में आज दिल्ली डेयरडेविल्स को 10 रनों से हराकर अपने प्रशंसकों को खुश होने का मौका दिया। विराट कोहली ने आईपीएल के आखिरी मुकाबले में अर्धशतक लगाया। वहीं पदार्पण मुकाबला खेल रहे अवेश खान ने 1/23 आंकड़ा हासिल करते हुए आरसीबी की जीत पक्की की।
विराट कोहली ने टाॅस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। आज टीम में क्रिस गेल, शेन वाॅटसन और ट्रेविस हेड के रूप में तीन विदेशी खिलाड़ी रहे। आरसीबी के कप्तान ने आज के मुकाबले के लिए पांच बदलाव किए। वहीं ज़हीर खान ने पिछले मुकाबले में सुपरजायंट्स के खिलाफ उतारी टीम को ही बरकरार रखा।
आखिरकार दिखा गेल का खेल
निराशाजनक सत्र के बाद क्रिस गेल ने टूर्नामेंट का आखिरी मुकाबला सकारात्मक रूप से खत्म करने का फैसला करते हुए पहले ही ओवर में दो बाउंड्री लगाई और अगले ओवर में छक्का लगाकर दो ओवर के बाद टीम का स्कोर 17 पहुंचा दिया। गेल के जोड़ीदार विष्णु विनोद को जहीर खान और मोहम्मद शमी की गेंदों को खेलने में मुश्किल हो रही थी और पैट कमिन्स ने तो उनके संघर्ष पर विराम लगाते हुए उनका विकेट ही निकाल लिया। पांचवे ओवर में विष्णु 9 गेंदों में 3 रन बनाकर लौटे। पावरप्ले के दौरान कोहली और गेल ने अटैक करने के बजाए पार्टनरशिप तैयार करने की कोशिश की और पहले छह ओवर के बाद टीम का स्कोर 37/1 तक ले गए। स्पिन के आने और क्षेत्ररक्षण के लिए खिलाड़ियों के दायरे से बाहर जाने के बाद भी आरसीबी को मदद नहीं मिली और वो अगले चार ओवर में महज 29 रन जोड़ पाए। आधी पारी की समाप्ति के बाद टीम 66/1 के स्कोर पर थी।
नेगी ने टीम का स्कोर 160 के पार पहुंचाया
स्कोरबोर्ड पर रनों की कमी को देखते हुए दोनों खिलाड़ियों ने अमित मिश्रा को निशाना बनाया और दिल्ली के इस गेंदबाज के ओवर से 19 रन हासिल किए, जिसमें गेल ने एक छक्का और कोहली ने एक बाउंड्री लगाई। आरसीबी ने आज के मुकाबले में भी इस टूर्नामेंट में शुरू की अपनी परंपरा को कायम रखते हुए अगले चार ओवर में तीन विकेट गंवा दिए। पारी के तीन ओवर शेष रहने तक गेल, हेड और कोहली 118/4 के स्कोर पर टीम को छोड़कर पवैलियन जा चुके थे। जाधव ने रन रेट को बढ़ाने की मंशा से जहीर की गेंद पर छक्का लगाया लेकिन एक रन चुराने के दौरान वो रन आउट हो गए। अंत में पवन नेगी ने 5 गेंदों में 13 रन की पारी खेली जिसमें उन्होंने लगातार तीन बाउंड्री लगाई, जिसकी मदद से 20 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 161 तक पहुंच पाया।
अवेश के स्वपनिल स्पेल के बाद पंत-अय्यर ने दिल्ली को संभाला
आईपीएल में पर्दापण कर रहे अवेश खान ने दिखाया की आरसीबी की टीम ने क्या खोया है, उन्होंने पारी की शुरूआत करते हुए दूसरी ही गेंद पर संजू सैमसन को पवैलियन भेज दिया। दिल्ली के बल्लेबाजों के लिए 20 वर्षीय इस खिलाड़ी का जवाब नहीं था और इसके पहले दो ओवर में वो सिर्फ 6 रन हासिल कर पाए। वहीं दूसरी तरफ हर्षल पटेल भी आज अपना पहला मुकाबला खेलने उतरे लेकिन उन्होंने अपने पहले ही ओवर में 15 रन दे दिए। पावरप्ले के आखिरी ओवर में आरसीबी ने करूण नायर का विकेट तो हासिल किया लेकिन मेजबान टीम तब तक 42 रन बना चुकी थी। ऋषभ पंत और श्रेयस अययर ने स्ट्राइक रोटेट करते हुए साझेदारी को मजबूत करने का निर्णय लिया और फिर 9वें तथा 10वें ओवर में 25 रन लेकर आधी पारी के बाद दिल्ली का स्कोर 76/2 तक पहुंचाया।
टूर्नामेंट के आखिरी मुकाबले में जीत दर्ज करके आरसीबी ने रखा फैन्स का दिल
कोहली ने हर्षल पटेल को दोबारा आक्रमण पर लाने का फैसला किया और ये मुकाबले का टर्निंग प्वाइंट बना। 26 वर्षीय इस खिलाड़ी ने अपने ओवर में ना सिर्फ 3 रन दिए बल्कि श्रेयस और मार्लोन सैमुअल्स को लगातार गेंद पर पवैलियन भेजा। पंत ने दिल्ली की उम्मीदों को बनाए रखते हुए स्ट्राइक रोटेट करना जारी रखा और खराब गेंदों को बाउंड्री के लिए भी भेजते रहे। हेड ने तभी दिल्ली को दोहरा झटका देते हुए कोरी एंडरसन और पैट कमिन्स को मैदान छोड़ने पर मजबूर कर दिया। 17वें ओवर में पंत भी चलते बने। उस वक्त दिल्ली को जीत के लिए 20 गेंदों में 45 रनों की जरूरत थी। शमी और मिश्रा ने 16 रनों की साझेदारी तैयार की लेकिन लगातार गिरते विकेट की वजह से दिल्ली को सत्र के आखिरी मुकाबले में 10 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
Source:sportscafe.com
No comments:
Post a Comment