नई दिल्ली। अब आपको भारत में भी मिलेगा तेज़ इंटरनेट वो भी सैटलाइट की मदद से। दरअसल, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) तीन संचार उपग्रहों को अंतरिक्ष में भेजने की योजना पर काम कर रहा है। ISRO मकसद देश में हाई स्पीड इंटरनेट युग का आगाज करना है।
भारत ने अमेरिका को पछाड़ते हुए चीन के बाद दूसरा सबसे ज्यादा इंटरनेट यूजर वाले देश का तमगा हासिल तो कर लिया, लेकिन इंटरनेट स्पीड के मामले में हमारा देश अब भी कई एशियाई देशों से ही पीछे है। हालांकि, महज 18 महीनों में यह स्थिति बदलनेवाली है।
इसरो के चेयरमैन ने कहा, ‘हम तीन कम्यूनिकेशन सैटलाइट्स लॉन्च करेंगे। जून में GSAT-19 की लॉन्चिंग होनी है। उसके बाद GSAT-11 और फिर GSAT-20 का प्रक्षेपण होगा। GSAT-19 को इसरो के अगली पीढ़ी के लॉन्च वीइकल GSLVMk III से प्रक्षेपित किया जाएगा। स्वदेशी क्रायोजेनिक इंजन से संचालित यह लॉन्च वीइकल चार टन के उपग्रह को भौगोलिक स्थानान्तरण कक्षा (जियोसिंक्रनस ट्रांसफर ऑर्बिट) में पहुंचाने में सक्षम है।’
उन्होंने कहा, ‘ये उपग्रह मल्टिपल स्पॉट बीम (हाई फ्रीक्वंसी पर काम करनेवाला एक खास तरह का ट्रांसपॉन्डर) का इस्तेमाल करेंगे जिससे इंटरनेट स्पीड और कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी। ये मल्टिपल स्पॉट बीम पूरे देश को कवर करेंगी।’ स्पॉट बीम एक सैटलाइट सिग्नल होती है जिसका विशेष प्रयोग धरती के सीमित इलाके को कवर करने में किया जाता है।
Source:livetoday.com
No comments:
Post a Comment