Saturday, 20 May 2017

महंगी बाइक, नौकाओं, निजी जेट पर लगेगा 31 प्रतिशत जीएसटी, पान-मसाला गुटखा पर 232 प्रतिशत जीएसटी

श्रीनगर, 19 मई :भाषा: वस्तु एवं सेवाकर :जीएसटी: व्यवस्था के तहत 350 सीसी इंजिन क्षमता से अधिक की मोटरसाइकिलों, निजी जेट विमानों और महंगी आलीशान नौकाओं की खरीदारी पर 31 प्रतिशत की दर से जीएसटी लगेगा। पान-मसाला गुटखा पर जीएसटी की शीर्ष दर के उपर 204 प्रतिशत उपकर लगेगा। जीएसटी व्यवस्था एक जुलाई से लागू होगी। 

जीएसटी परिषद की यहां जारी दो दिवसीय बैठक में यह फैसला किया गया। बैठक में लिये गये निर्णय के मुताबिक सभी कारों, बसों, ट्रकों और मोपेड व मोटरसाइकिलों के साथ साथ व्यक्तिगत इस्तेमाल के विमान, लक्जरी नौकायानों पर सबसे उंची दर 28 प्रतिशत पर जीएसटी लगाया जायेगा। इसके अलावा सभी तरह की कारों, एसयूवी और 350 सीसी इंजिन वाली मोटरसाइकिलों पर अतिरिक्त उपकर भी लगाया जायेगा। 

निजी विमानों, लक्जरी नौकायानों और 350सीसी से अधिक इंजिन क्षमता वाली मोटर साइकिलों पर 28 प्रतिशत के उपर तीन प्रतिशत उपकर भी लगाया जायेगा। इस प्रकार इन पर कुल 31 प्रतिशत की दर से जीएसटी लगेगा। इसी प्रकार चार मीटर से कम लंबी और 1200सीसी के पेट्रोल इंजन वाली कारों पर 28 प्रतिशत के उपर एक प्रतिशत उपकर लगेगा। 1500 सीसी से कम क्षमता वाली छोटी डीजल कारों पर जीएसटी की शीर्ष दर के उपर तीन प्रतिशत उपकर लगेगा। 

इसी प्रकार मध्यम आकार की कारों, एसयूवी और लक्जरी कारों पर 28 प्रतिशत की जीएसटी दर के उपर

15 प्रतिशत की दर से उपकर लगेगा। बसों और ऐसे वैन जिनमें 10 से ज्यादा लोग बैठक सकते हैं उनपर भी इसी दर से उपकर लागू होगा। 1500सीसी इंजन क्षमता से अधिक की हाइब्रिड कारों पर भी शीर्ष जीएसटी दर के उपर 15 प्रतिशत की दर से उपकर लगाया जायेगा। 

Source:indiatimes.com

No comments:

Post a Comment