Friday, 12 May 2017

RTI से खुला केजरीवाल सरकार के मंत्रियों की विदेश यात्राओं का राज

नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी सरकार के मंत्रियों की विदेश यात्राओं की पूरी जानकारी सार्वजनिक हो गई है। सूचना का अधिकार (RTI) से खुलासा हुआ है कि अरविंद केजरीवाल के खास मंत्रियों में शुमार उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने विदेश यात्राओं की झड़ी लगाई हुई है।

गौरतलब है कि आरटीआइ एक्टिविस्ट संजीव जैन ने 29 दिसंबर, 2016 को दिल्ली सरकार से सूचना का अधिकार के जरिये दिल्ली सरकार के मंत्रियों की विदेश यात्राओं की जानकारी मांगी थी। इसका जवाब 1 मार्च, 2017 को मिला। इस आरटीआइ से पता चला है कि दोनों मंत्रियों ने जमकर विदेश यात्राएं कीं, जिनपर बड़ी सरकारी रकम खर्च हुई है। 

जवाब के मुताबिक, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और 3 मंत्रियों सत्येंद्र जैन, गोपाल राय और इमरान हुसैन के अलावा आशीष खेतान ने 12 विदेश यात्राएं की हैं। हैरानी की बात है कि इन विदेश यात्राओं में कोई डेलिगेशन साथ नहीं गया था। 

आरटीआइ के जवाब के मुताबिक, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सत्ता संभालने के बाद सिर्फ एक बार विदेश (रोम) गए, जहां मदर टेरेसा को संत का दर्जा दिया जा रहा था। वहीं, सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया ने धुआंधार विदेशी यात्राएं कीं और अब उन्हीं यात्राओं पर सवाल उठ रहे हैं। 

मनीष सिसोदिया अप्रैल 2015 में एथेंस और अगस्त 2015 में ब्राजील गए थे। इसके बाद सितंबर 2015 में आस्ट्रेलिया, मार्च 2016 में लंदन, फिर मई में बर्लिन और सितंबर में फिनलैंड होकर आए। उस दौरान दिल्ली में डेंगू-चिकनगुनिया का कहर चरम पर था। 

वहीं, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन सितंबर 2015 में मैनचेस्टर गए, अक्टूबर 2015 में स्वीडन की सैर की, मार्च 2016 में मलेशिया के दौरे पर थे और सितंबर 2016 में केजरीवाल के साथ रोम भी गए। इसी साल की शुरुआत यानी जनवरी में थाइलैंड की यात्रा भी कर आए।

बताया जा रहा है कि संजीव जैन ने कपिल मिश्रा को दिल्ली के मंत्रियों के विदेश दौरे से जुड़ी और जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि विदेश दौरे को लेकर आप के नेताओं के कई राज सबके सामने आ सकते हैं।

जानें यह भी पहलू

1. दिल्ली के जलमंत्री कपिल मिश्रा थे, जबकि मनीष सिसोदिया ग्लोबल वॉटर समिट में हिस्सा लेने एथेंस गए। 2. सतेंद्र जैन अपनी 10 सदस्यीय टीम के साथ मैनचेस्टर में हेल्थ एंड केयर इनोवेशन एक्सपो में हिस्सा लेने गए।
3. मदर टेरेसा को संत का दर्जा दिए जाने के मौके पर रोम में उनकी क्या जरूरत थी। इसमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी गए थे। दरअसल, उन्हें बुलाया गया था। 

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment