गोल्ड कोस्ट। मिश्रित युगल वर्ग के पांचवें और अंतिम मैच को जीतने के साथ ही दक्षिण कोरिया ने चीन को 3-2 से हराकर चौथी बार सुदीरमन कप खिताब पर कब्जा जमाया। रविवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मैच में दक्षिण कोरिया ने 14 साल के सूखे को समाप्त सुदीरमन कप मिश्रित टीम चैम्पियनशिप खिताब अपने नाम किया।
दोनों टीमों के बीच मैच बेहद रोमांचक रहा। मैच की शुरुआत पुरुष युगल वर्ग की स्पर्धा से हुई। चीन की फु हाईफेंग और झांग नान की जोड़ी ने चोई सोल्गयु और सेयुंग जेई सेओ की कोरियाई जोड़ी को सीधे गेमों में 21-14, 21-15 से हराकर 1-0 से बढ़त हासिल की।
कोरिया ने महिला एकल वर्ग में चौथी विश्व वरीयता प्राप्त बैडमिंटन खिलाड़ी सुंग जी ह्यून के शानदार प्रदर्शन के दम पर जीत हासिल कर स्कोर 1-1 से बराबर किया। इस मुकाबले में ह्यून ने चीन की बैडमिंटन खिलाड़ी हे बिंगजियाओ को 21-12, 21-16 से हराया।
पुरुष एकल वर्ग स्पर्धा में चीन ने बाजी मारी और एक बार फिर 2-1 से बढ़त ली। चेंग लोंग ने कोरियाई खिलाड़ी जेयोन हायोक जिन को सीधे गेमों में 21-10, 21-10 से हराया।
महिला युगल वर्ग की स्पर्धा में चांग ये ना और ली सो ही की कोरियाई जोड़ी ने चेन किंगचेन और जिया यिफान की चीनी जोड़ी को 21-19, 21-13 से हराया। इस प्रकार कोरिया ने स्कोर 2-2 से बराबर कर लिया।
मिश्रित युगल वर्ग में खेली गई अंतिम स्पर्धा में जीत हासिल कर कोरिया ने खिताब अपने नाम किया। इस स्पर्धा में कोरिया की चोई सोल्गयु और चाए यू जुंग की जोड़ी ने चीन की लु काई और हुआंग याकियोंग की जोड़ी को 21-17, 21-13 से हराकर जीत हासिल की।
दक्षिण कोरिया ने पिछली बार 2003 में सुदीरमन कप खिताब जीता था। इससे पहले, उसने 1991 और 1993 में इस खिताब पर कब्जा जमाया था। वहीं चीन 10 बार सुदीरमन कप टूर्नामेंट जीत चुका है।
Source:livetoday.com
No comments:
Post a Comment