Friday, 26 May 2017

'पाकिस्तान में घुसकर कार्रवाई कर सकता है भारत'

अमरीकी खुफिया एजेंसी के प्रमुख ने कांग्रेस को चेतावनी दी है कि भारत पाकिस्तान के ख़िलाफ़ 'सीमा पार से होने वाले हमलों' का हवाला देकर पाकिस्तान के भीतर आक्रामक कार्रवाई कर सकता है.

उन्होंने कहा है कि परमाणु शक्ति संपन्न दोनों पड़ोसी देशों के बीच सीमा पार से जारी गोलीबारी एक संघर्ष का रूप ले सकता है.

अमरीकी खुफिया एजेंसी के प्रमुख ने यह बात सीनेट सशस्त्र सेवा समिति की सुनवाई के दौरान मंगलवार कही थी.


रिपोर्टों के अनुसार अमरीका में सुरक्षा संबंधी खुफिया एजेंसी के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल विन्सेंट स्टेवार्ट ने कहा कि पिछले साल कथित तौर पर पाकिस्तान से भारत में प्रवेश करने वाले चरमपंथियों के दो हमलों के बाद दोनों देशों के बीच संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं.

उनके अनुसार संबंध इस साल और ख़राब हो सकते हैं. ख़ासकर भारत में किसी बड़े आतंकवादी हमले के बाद स्थिति बिगड़ सकती है.

भारत का मानना है कि चरमपंथी हमलों की योजना पाकिस्तान से बनती है. भारत हमेशा कहता रहा है कि उसके यहां होने वाले हमलों का संबंध पाकिस्तान से होता है.

नेशनल इंटेलिजेंस के निदेशक डेनियल आर का कहना है कि 'नियंत्रण रेखा पर ज़बर्दस्त गोलीबारी के साथ तोपखाने और मोर्टार गोले का इस्तेमाल दोनों परमाणु हथियारों से लैस पड़ोसियों के बीच युद्ध की वजह बन सकता है.

'इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अगर सीमा पार हमलों में कमी हो और पठानकोट हमले की जांच में प्रगति होगी तो इसी साल दोनों में बातचीत शुरू हो सकती है. अगर ऐसा होता है तो इससे दोनों देशों के बीच मौजूदा तनाव कम हो सकता है.

लेफ्टिनेंट जनरल विन्सेंट का कहना था: 'भारत ने कोशिश की है कि वह पाकिस्तान को राजनयिक स्तर पर अलग-थलग कर सके. भारत ऐसे किसी विकल्प पर विचार कर रहा है जिसके माध्यम से वह कथित तौर सीमा पार से आतंकवाद की मदद के लिए इस्लामाबाद को क़ीमत चुकाने मजबूर कर सके.'

ये दोनों अधिकारी सीनेट खुफिया ग्रुप 2017 और 18 से संबंधित अपनी रिपोर्ट रख रहे थे.

पिछले कुछ समय से भारत और पाकिस्तान की ओर से एक दूसरे पर एलओसी पर संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन के आरोप लगाने का सिलसिला जारी है.

दो दिन पहले भारतीय सेना ने कहा था कि उसने पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा पर शहरी आबादी को निशाना बनाने पर नोशईरा सेक्टर क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना की एक चौकी नष्ट कर दी है. हालांकि पाकिस्तान ने इसे झूठा दावा करार दिया.

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment