Wednesday, 10 May 2017

अफगानिस्तान में 3000 और सैनिक तैनात करेगा अमेरिका

वाशिंगटन, प्रेट्र। अफगानिस्तान में अमेरिका अपने सैनिकों की मौजूदगी बढ़ाने जा रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तालिबान और आइएस जैसे आतंकी समूहों को परास्त करने की नई रणनीति के तहत और तीन हजार सैनिकों की तैनाती करने की योजना है।

व्हाइट हाउस ने सोमवार को कहा कि ट्रंप युद्ध प्रभावित अफगानिस्तान में जीतने वाली रणनीति चाहते हैं। वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, नई रणनीति के तहत व्हाइट हाउस की जगह पेंटागन को अफगानिस्तान में सैनिकों की संख्या तय करने और तालिबान आतंकियों को हवाई हमले में निशाना बनाने का अधिकार मिलेगा। ट्रंप 25 मई को ब्रसेल्स में नाटो शिखर सम्मेलन से पहले नई रणनीति को अमलीजामा पहना सकते हैं। इसमें ओबामा प्रशासन के कई नियमों को भी हटा दिया जाएगा।

इसमें युद्धक्षेत्र में अमेरिकी सैन्य सलाहकारों की गतिविधि को सीमित किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी सैनिकों की संख्या बढ़ाने और अफगानिस्तान को सहायता सशर्त होगी। अमेरिकी रक्षा मंत्री जेम्स मैटिस और एनएसए लेफ्टिनेंट जनरल हर्बर्ट रेमंड मैकमास्टर ने भी अफगानिस्तान में सैनिकों की संख्या बढ़ाए जाने का समर्थन किया है।

रोगियों के लिए खुली अफगान सीमा

पाकिस्तान सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि बीमार अफगानियों के लिए सीमा खोली गई है। हालांकि बाकी सभी के लिए सीमा अभी भी बंद है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चमन सीमा पर शुक्रवार को गोलीबारी के बाद तनाव की स्थिति है।

मदरसे में विस्फोट से आठ बच्चों समेत 9 मरे

अफगानिस्तान के उत्तरी परवान प्रांत के एक मदरसे में बम धमाके में आठ बच्चों और एक मौलवी की मौत हो गई। प्रांत के डिप्टी गवर्नर शाह वली शाहिद ने बताया कि परवान की उलेमा परिषद के प्रमुख मौलवी अब्दुल रहीम हनफी हमले में मुख्य निशाना थे।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment