पीसीबी ने बीसीसीआई से 447 करोड़ रुपए मुआवजे की मांग की
नई दिल्ली : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बीसीसीआई से 2014 से 2023 के बीच छह द्विपक्षीय सीरीज खेलने के लिए किए गए करार का सम्मान नहीं करने के लिएये करीब 450 करोड़ रुपए के मुआवजे की मांग की है.
पीसीबी ने हाल में भारतीय क्रिकेट बोर्ड को नोटिस भेजा था. नोटिस में पीसीबी ने शिकायत की कि उसे 69576405 डालर का नुकसान हुआ है, क्योंकि भारतीय टीम ने नवंबर 2014 और दिसंबर 2015 की सीरीज नहीं खेली हैं.
बीसीसीआई को तीन मई को भेजे गए नोटिस के मिलने के सात दिन के अंदर जवाब भेजना है. उन्होंने कहा, ‘‘हमारे कानूनी सलाहकार ने लंदन में एक प्रतिष्ठित कानूनी फर्म से सलाह मश्विरे के बाद कानूनी नोटिस भेजा है जिसमें भारतीय बोर्ड से मुआवजा हासिल करने के लिये एक मजबूत कानूनी मामला तैयार किया है.’’
सूत्र ने कहा कि कानूनी नोटिस में पाकिस्तान ने कहा है कि बीसीसीआई ने समझौते का सम्मान नहीं किया जबकि उसने आईसीसी अधिकारियों की मौजूदगी में इस पर हस्ताक्षर किये थे. उन्होंने कहा, ‘‘नोटिस में यह भी कहा गया है कि भारत के लगातार इस करार के अनुसार खेलने से इनकार करने के कारण 2015 से तीन सीरीज नहीं खेली गयी जिसमें से दो की मेजबानी पाकिस्तान को करनी थी.’’
पीसीबी के मुताबिक दोनों देशों के बोर्डों के बीच इस करार पर 2014 में हस्ताक्षर किए थे, जिसके अंतर्गत पाकिस्तान ने आईसीसी में संचालन एवं वित्तीय मॉडल में ‘बिग थ्री’ का समर्थन किया था. पीसीबी ने दावा किया कि उसे भारत के सीरीज खेलने से इनकार करने के कारण 20 से 30 करोड़ डालर का नुकसान हुआ जिसकी मेजबानी पाकिस्तान को करनी थी.
सूत्र ने कहा, ‘‘हम तो यहां तक कि करार के अंतर्गत अपनी सीरीज की मेजबानी तटस्थ स्थान पर करने को भी इच्छुक थे लेकिन तब भी बीसीसीआई हमें टालता रहा और बाद में उसने इनकार कर दिया. ’’ उन्होंने साथ ही कहा, ‘‘हम मुआवजा हासिल करने के लिए अदालत या आईसीसी की विवाद निपटारा समिति के पास जाने के लिये तैयार हैं. ’’
Source:zeenews.com
No comments:
Post a Comment