Monday, 1 May 2017

बिहार में SSC MTS परीक्षा का पेपर लीक, व्हाट्सएप पर उत्तर वायरल

पटना [जागरण टीम]। बिहार में एक और परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हुआ है। आज हुई एसएससी एमटीएस (मल्टी टास्किंग स्टाफ) की परीक्षा शुरू हाेने से पहले ही उसका पेपर लीक कर गया। दो पालियों में हुई इस परीक्षा में दोनों बार प्रश्नपत्र आउट हुए हैं। 

लखीसराय में कर्मचारी चयन आयोग की ओर से एमटीएस (मल्टी टास्किंग स्टाफ) की परीक्षा का सेंटर बनाया गया था। यह परीक्षा दो पालियों में हुई। पहली पाली परीक्षा शुरू होने के कुछ देर पहले ही व्हाट्सएप पर प्रश्न का उत्तर वायरल हो गया। कई परीक्षार्थियों के पास ये उत्तर मिले। 

उधर, मुजफ्फरपुर से भी इस परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक हुआ। वहां द्वितीय पाली की परीक्षा शुरू होने से करीब आधा घंटा पूर्व तैयार उत्तर शीट में हूबहू वही प्रश्न मिले जो परीक्षा में पूछे गए थे। इसमें कुल डेढ़ सौ प्रश्नों के उत्तर थे। उत्तर इस तरह से तैयार किए गए थे कि प्रश्न पत्र किसी भी सेट का हो, उसका विकल्प देखकर जवाब दिया जा सके। 

ऐसे हुआ खुलासा 

मामले का खुलासा शहर के दून स्कूल केंद्र के कुछ परीक्षार्थियों ने किया। वे इस उत्तर शीट को लेने में परीक्षा केंद्र पर देर से पहुंचे। इस कारण उन्हें प्रवेश नहीं मिला। तब जाकर उन्होंने हंगामा करते हुए उत्तर लीक कर दिया। परीक्षार्थियों ने बताया कि बीआरए बिहार विवि परिसर में एक जगह उत्तर लिखे जा रहे थे। परीक्षा की समाप्ति के बाद जब प्रश्नपत्र से मिलान किया गया तो उसे सही पाया गया।

हालांकि, एसएससी के मध्य क्षेत्र के निदेशक राहुल सचान ने एसएससी ने प्रश्नपत्र लीक से इन्कार किया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा सफलता पूर्वक संपन्न हुई है। लीक जैसी कोई बात नहीं है।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment