Monday, 30 January 2017

ट्रंप ने लगाया बैन, स्टारबक्स देगा शरणार्थियों को नौकरी

वॉशिंगटन
डॉनल्ड ट्रंप द्वारा शरणार्थियों और कुछ मुस्लिम देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश करने पर लगाए गए अस्थायी प्रतिबंध पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी सिलसिले में अब स्टारबक्स ने अगले पांच सालों के दौरान दुनियाभर में 10,000 शरणार्थियों को नौकरी देने का ऐलान किया है। इस फैसले की जानकारी कंपनी के प्रमुख ने रविवार को दी। स्टारबक्स अमेरिका की मशहूर कॉफी-चेन कंपनी है।

स्टारबक्स के अध्यक्ष व मुख्य एग्जिक्युटिव होवॉड एस ने अपने कर्मचारियों को भेजी गई एक चिट्ठी में लिखा, 'मैं आज बेहद परेशान हूं। भारी मन और मजबूत वादे के साथ मैं आपको आज आपको यह पत्र लिख रहा हूं। हम आज जिस दौर में जी रहे हैं, वैसा समय शायद पहले कभी नहीं आया। यह ऐसा वक्त है जब हम अपने देश की आत्मा के गवाह बन रहे हैं। हम अमेरिका के उस सपने के भी गवाह हैं, जिसपर आज सवाल उठाया जा रहा है।' इस चिट्ठी को कंपनी की वेबसाइट पर पोस्ट किया गया है।

होवॉड डेमोक्रैटिक पार्टी के समर्थक हैं। उन्होंने कहा कि स्टारबक्स उन सभी कर्मचारियों के साथ संपर्क में बना हुआ है, जो कि राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा लगाए गए प्रतिबंध से प्रभावित हुए हैं। इस फैसले के तहत आने वाले कम से कम 120 दिनों तक अमेरिका में सभी शरणार्थियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। सीरिया से आए शरणार्थियों पर अनिश्चित काल का प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही ईरान, इराक, लीबिया, सोमालिया, सूडान, सीरिया और यमन के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर आने वाले 90 दिनों तक बैन लगाया गया है।

शरणार्थियों को नौकरी देने के बारे में होवॉड ने लिखा, 'हम अपनी यह कोशिश यहीं अमेरिका में शुरू करेंगे। हमारा शुरुआती ध्यान उन लोगों को नौकरी देने पर होगा जिन्होंने जिन्होंने दुभाषियों के तौर पर अमेरिकी सेना का उन देशों में साथ दिया, जहां हमारे देश को उनके मदद की जरूरत पड़ी। साथ ही, उन तमाम देशों में जहां अमेरिकी सेना को युद्ध के दौरान लोगों के मदद की जरूरत थी और जिन लोगों ने हमारा साथ दिया, उन्हें नौकरी देने पर भी हमारा फोकस होगा।' होवॉड ने मेक्सिको का भी समर्थन किया। ट्रंप ने मेक्सिको से कहा है कि वह अपने यहां से आने वाले प्रवासियों को रोकने के लिए अमेरिका से लगी अपनी लंबी सीमा पर एक दीवार का निर्माण कराए। साथ ही, ट्रंप ने मेक्सिको को इस दीवार का खर्च उठाने के लिए भी कहा है। इस खर्च को वसूलने के लिए अमेरिका मेक्सिको से आयात होने वाली चीजों पर 20 फीसद अतिरिक्त शुल्क लगा सकता है।

इसी दीवार के संदर्भ में होवॉड ने लिखा, 'हमें मेक्सिको के साथ पुल बनाने चाहिए, ना कि दीवारें।' मालूम हो कि पिछले करीब 30 सालों से मेक्सिको ही स्टारबक्स को अपने यहां उगाई जाने वाली कॉफी दे रहा है। मेक्सिको में स्टारबक्स की करीब 600 कॉफी शॉप्स हैं और वहां करीब 7,000 लोग काम करते हैं।

Source:indiatimes.com

No comments:

Post a Comment