Wednesday, 11 January 2017

वाइब्रेंट गुजरात समिट में प्रधानमंत्री मोदी ने खेला कूटनीतिक दांव

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट का आयोजन वैसे तो तमाम वैश्विक कंपनियों के बीच गुजरात की छवि को पेश करने के लिए होता है लेकिन इस वर्ष पीएम नरेंद्र मोदी ने इसे एक कूटनीतिक आयोजन में बदल दिया है।

मोदी ने समिट के आधिकारिक आयोजन से ठीक पहले आधे दर्जन देशों के मंत्रियों के साथ न सिर्फ औपचारिक मुलाकात की बल्कि द्विपक्षीय वार्ताओं का नेतृत्व भी किया। इसमें इजरायल के कृषि मंत्री यूरी एलियल से लेकर डेनमार्क के ऊर्जा व पर्यावरण मंत्री लार्स क्रिस्टिएन लिलिहोल्ट समेत छह मंत्रियों से द्विपक्षीय मुलाकात शामिल है। माना जा रहा है कि नोटबंदी के बाद पीएम मोदी ने जानबूझ कर इस आयोजन को कूटनीति पहल में बदला है ताकि दूसरे मुल्कों का भारत के बारे में सीधे तौर पर जानकारी हासिल हो सके।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने बताया है कि पीएम मोदी ने जापान के ट्रेड व व्यापार मंत्री हीरोशिगे सीको के साथ भी मुलाकात की। मोदी ने जापान से बड़ौदा में स्थापित होने वाले रेल विश्वविद्यालय में हिस्सा लेने का आग्रह किया। इसके अलावा जापान की कंपनियों की तरफ से भारत में होने वाले भावी निवेश परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। मोदी ने डेनमार्क के ऊर्जा मंत्री लार्स क्रिस्टिएन लिलिहोल्ट के साथ मुलाकात में डेनमार्क की कंपनियों को भारत के जहाजरानी व ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के लिए आमंत्रित किया। डेनमार्क ने भारत के स्मार्ट सिटी परियोजना में ज्यादा रुचि दिखा रहा है। भारत की गैर पारंपरिक ऊर्जा परियोजनाओं में भी डेनमार्क हिस्सा लेना चाहता है। साथ ही मोदी ने डेनमार्क को एमटीसीआर और एनएसजी का सदस्य बनने में भारत की दावेदारी का समर्थन के लिए धन्यवाद भी किया।

भारत और इजरायल के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता वैसे तो कृषि संबंधों तक ही मुख्यत: सीमित रही लेकिन इसमें मोदी की भावी इजरायल यात्रा को लेकर भी थोड़ी बहुत चर्चा हुई। इजरायल चाहता है कि मोदी जल्द से जल्द वहां जाए। दोनों देशों के बीच कृषि क्षेत्र में पहले से ही काफी सहयोग चल रहा है। मोदी ने यूएई के कैबिनेट मंत्री डॉ. राशिद अहमद बिन फहद के साथ भी हुई द्विपक्षीय वार्ता में भारत का नेतृत्व किया। दोनों पक्षों के बीच यह सहमति बनी है कि द्विपक्षीय कारोबार को अगले पांच वर्षो में 60 फीसद बढ़ाया जाएगा। पिछले वर्ष मोदी ने यूएई की यात्रा की थी और कई अहम आर्थिक समझौते हुए थे।

वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट के दौरान मोदी ने सोमवार को रूस के डिप्टी पीएम दिमित्री रोजोगिन के साथ भी द्विपक्षीय बैठक का नेतृत्व किया। इस बैठक में भारत व रूस के बीच मौजूदा संबंधों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा मोदी ने पोलैंड के डिप्टी पीएम पीटर ग्लिंस्की, स्वीडेन की शिक्षा मंत्री अन्ना इक्सट्रोम सर्बिया के पीएम एलेक्जेंडर वुसीक से भी द्विपक्षीय बैठक की है। यह पहला मौका है जब गुजरात में होने वाले इस सम्मेलन को कूटनीतिक तौर पर इतना अहम बना दिया गया है।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment