नई दिल्ली
गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर गुजरात ने रणजी ट्रोफी के फाइनल मैच के पहले दिन मंगलवार को मौजूदा विजेता मुंबई की पहली पारी 228 रनों पर समेट दी। दिन का खेल खत्म होने तक गुजरात ने अपनी पहली पारी में बिना विकेट खोए दो रन बना लिए हैं। समित गोहेल 2 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि प्रियंक पांचाल को अभी खाता खोलना बाकी है। यह मुंबई का रणजी ट्रोफी फाइनल में पहली पारी में दूसरा सबसे कम स्कोर है। गुजरात के कप्तान पार्थिव पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। उनके गेंदबाजों ने कप्तान के इस फैसले को पूरी तरह से सही साबित किया।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज आरपी सिंह ने मुंबई के सलामी बल्लेबाज अखिल हेरवाडकर (4) को सातवें ओवर में 13 के कुल स्कोर पर आउट कर पहली सफलता दिलाई। दूसरे छोर पर खड़े युवा पृथ्वी शॉ (70) ने श्रेयस अय्यर के साथ टीम को शुरुआती झटके से उबारा। 54 के कुल स्कोर पर चिंतन गाजा ने अय्यर को पविलियन भेजा। पृथ्वी को यहां से अपने कप्तान सूर्यकुमार यादव (57) का साथ मिला। दोनों ने 52 रनों की साझेदारी की और टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। यादव के आने के कुछ देर बाद ही पृथ्वी ने 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया।
Source:indiatimes.com
No comments:
Post a Comment