Friday, 13 January 2017

पेट्रोल पंपों पर पीएम की तस्वीर आचार संहिता का उल्लंघन

नई दिल्ली, प्रेट्र : पेट्रोल पंपों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के होर्डिग को चुनाव आयोग ने आचार संहिता का उल्लंघन करार दिया है। साथ ही तेल कंपनियों की ओर से एलपीजी सब्सिडी छोड़ने वालों को पीएम की तस्वीर वाला प्रमाणपत्र जारी करने पर भी आयोग ने संज्ञान लिया है। गोवा और उत्तराखंड से इस बाबत मिली शिकायतों पर चुनाव आयोग ने कैबिनेट सचिव पीके सिन्हा को पत्र लिखा है। आयोग ने उनसे दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा है।

आयोग ने गत चार जनवरी को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, पंजाब और मणिपुर विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी की थी। इसके साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई। आयोग ने कैबिनेट सचिव को बताया कि गोवा में पेट्रोल पंपों पर प्रधानमंत्री की तस्वीरों वाले होर्डिग लगे होने की शिकायत मिली है। इसके अलावा उत्तराखंड में तेल कंपनियां उपभोक्ताओं को प्रमाणपत्र जारी कर रही हैं, जिनमें पीएम की तस्वीर है। आयोग के अनुसार आचार संहिता लागू होने की स्थिति में यह मुनासिब नहीं है।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment