नई दिल्ली
बजट सत्र की शुरुआत से पहले मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने उम्मीद जताई कि सभी राजनीतिक दल शांतिपूर्वक ढंग से सत्र चलने देंगे। मोदी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'एक नई परंपरा का प्रारंभ हो रहा है। बजट एक महीने पहले आ रहा है। रेल बजट भी इसमें जोड़ दिया गया है। सदन में इसपर व्यापक चर्चा होगी। इससे आने वाले दिनों में क्या लाभ होंगे, यह उभरकर सामने आएगा।'
मोदी ने कहा कि राजनीतिक दलों से उम्मीद है कि वे उत्तम चर्चा के साथ जनहित के काम को आगे बढ़ाने में मदद देंगे। मोदी ने कहा, 'मुझे उम्मीद है कि सभी राजनीतिक दल इस बार सदन को उत्तम चर्चा के साथ आगे बढ़ाने का काम करेंगे।' मोदी के मुताबिक, उन्होंने पार्टियों से अलग-अलग और संयुक्त तौर पर बातचीत की है। मोदी ने उम्मीद जताई कि बजट पर सकारात्मक और विस्तारपूर्वक चर्चा होगी। मोदी ने अपील की कि सत्र का इस्तेमाल जनहित में होना चाहिए।
इससे पहले, संसदीय मामलों के मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा, 'उम्मीद है कि सभी पार्टियां बजट सत्र के महत्व को समझेंगी और अर्थपूर्ण व रचनात्मक ढंग से बातचीत में शामिल होंगे।' नायडू ने कहा कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। उनके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए सरकार को किसी बात की चिंता या डर नहीं है।
Source:indiatimes.com
No comments:
Post a Comment