ब्रसेल्स, एजेंसी। यूरोप में रोबोट को कानूनी मान्यता देने की तैयारी चल रही है। यूरोप की संसदीय समिति ने आम जीवन में रोबोट की बढ़ती भूमिका को देखते हुए इसे इलेक्ट्रॉनिक इंसान का दर्जा देने को लेकर पेश प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। लक्जमबर्ग की सोशलिस्ट सदस्य मैडी डेलवॉक्स स्टीदर्स की ओर से यह प्रस्ताव पेश किया गया था। संसद फरवरी में इस पर फैसला ले सकती है।
यूरोपीय संसद में प्रस्ताव पारित होने की स्थिति में रोबोट को किसी भी काम या चूक के लिए जिम्मेदार ठहराया जा सकेगा। मैडी की ओर से पेश रिपोर्ट के मसौदे में मौजूदा प्रावधानों को अपर्याप्त करार दिया गया है। उन्होंने भविष्य में किसी भी तरह की कठिनाई से निपटने के लिए यूरोपीय संघ से मूलभूत नैतिक सिद्धांत निर्धारित करने की मांग की थी। यूरोपीय संसद की कानून मामलों की समिति ने मैडी के प्रस्ताव को आसानी से मंजूरी दे दी।
रिपोर्ट के मुताबिक रोबोट, आर्टीफिशियल इंटेलीजेंस जैसी तकनीक से समाज का कोई तबका अछूता नहीं है। रोबोट के बढ़ते हस्तक्षेप को देखते हुए उसे साधारण यंत्र नहीं माना जा सकता है। वर्ष 2014 में रोबोट की बिक्री में सबसे ज्यादा 29 फीसद तक की वृद्धि दर्ज की गई थी। इसके अलावा रोबोट तकनीक से जुड़े पेटेंट के दावों में तीन गुना इजाफा हुआ है।
Source:jagran.com
No comments:
Post a Comment