Sunday, 15 January 2017

फिलीस्तीन ने यूएस एंबेसी का स्‍थान बदलने को लेकर ट्रंप को दी चेतावनी

पेरिस (एएफपी)। फिलीस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने साफ कर दिया है कि यदि नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अमेरिकी दूतावास को यरूशलम ले जाते हैं तो फिलीस्तीनी लोग इजरायल को दी गई मान्यता को वापस लेने पर विचार कर सकते हैं। उन्होंने यह बात एक इंटरव्यू में कही है। इस इंटरव्यू को फ्रांसीसी दैनिक ली फिगारो ने जारी किया है।

अब्बास के हवाले से कल कहा गया कि उन्होंने नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप को पत्र लिखकर ऐसा न करने के लिए कहा हैै। इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि इससे अमेरिका संघर्ष की स्थिति में एक भूमिका निभाने का अधिकार खो बैठेगा। इसके साथ ही साथ यह द्वि-राष्ट्र के समाधान को भी नष्ट कर देगा। गौरतलब है कि शुक्रवार 20 जनवरी को अमेरिका के राष्ट्रपति का पद संभालने जा रहे ट्रंप ने कहा है कि उनकी योजना यरूशलम को इजरायल की राजधानी के रूप में मान्यता देने और अमेरिकी दूतावास को तेल अवीव से हटाकर यरूशलम ले जाने की है।

फिलीस्तीनी इस कदम का कड़ा विरोध कर रहे हैं। वे इसे विध्वंसक और एकपक्षीय कार्रवाई के रूप में देखते हैं, क्योंकि शहर का दर्जा अभी भी विवाद का विषय है। अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र के अधिकतर सदस्य देश यरूशलम को इजरायल की राजधानी के रूप में मान्यता नहीं देते हैं। शहर का दर्जा दशकों से चले आ रहे इजरायली-फिलीस्तीनी विवाद के पेचीदा मुद्दों में से एक है। वहीं इजरायल ट्रंप की योजना का समर्थन कर रहा है। इजरायल हमेशा से ही अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपतियों को भी ऐसे कदम उठाने के लिए प्रोत्साहित करता रहा है। हालांकि इसका कोई नतीजा नहीं निकला।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment