Monday, 24 July 2017

महिला विश्वकप : इतिहास रचने से चूका भारत, इंग्लैंड बनी विश्वविजेता

लंदन। इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स मैदान पर भारत को 9 रन से हराकर आईसीसी महिला विश्वकप 2017 का ख़िताब अपने नाम कर लिया है। भारत की ओर से सर्वाधिक 86 रन पूनम रावत ने बनाए। वहीँ इंग्लैंड की गेंदबाज अन्ना श्राब्सोल ने 6 विकेट लिए। भारतीय टीम 219 के स्कोर पर आलआउट हो गई। इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट खोकर 228 रन बनाए थे।

भारतीय टीम की ओपनर स्मृति मंधाना 4 गेंद खेलकर पवेलियन लौट गई। इसके बाद कप्तान मिताली राज भी 31 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 17 रन बनाकर आउट हो गई। फिर हरमनप्रीत कौर ने 80 बॉल पर 3 चौकों और 2 छक्के जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया और 51 रन पर कैच आउट हुई।

पूनम रावत ने 115 गेंदों पर 4 चौके और 1 छक्के की मदद से अपने 86 रन पूरे किया। वेदा कृष्णमूर्ति ने 34 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 35 रन बनाए। सुषमा वर्मा, झूलन गोस्वामी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गई। शिखा पाण्डेय 8 गेंदों पर 4 रन बनाकर रन आउट हुई। दीप्ति शर्मा 14 गेंदों पर 12 रन बनाकर कैच आउट हुई। राजेश्वरी गायकवाड़ बिना खाता खोले पवेलियन लौट गई। पूनम यादव 5 बॉल पर एक रन बनाकर नाबाद रहीं।

इंग्लैंड की गेंदबाज अलेक्स हार्टले ने भी भारत के 2 विकेट लिए।

वहीँ पहली पारी में इंग्लैंड की तरफ से नताली स्काइवर ने सर्वाधिक 51 रन बनाए जबकि सारा टेलर 45 रनों का योगदान देने में सफल रहीं। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए अहम समय 83 रनों की साझेदारी की।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड को लॉरेन विनफील्ड (24) और टैमी बेयुमोंट (23) ने सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। मजबूत दिख रही इंग्लैंड अचानक से बिखर गई और उसने 63 के कुल स्कोर तक अपने तीन अहम विकेट खो दिए थे।

भारत को पहली सफलता राजेश्वरी गायकवाड़ ने दिलाई। उन्होंने विन्फील्ड को पांव के पीछे से गेंद को घूमाते हुए बोल्ड मारा। टैमी को 60 के कुल स्कोर पर पूनम यादव ने झूलन गोस्वामी के हाथों लपकवाया। इंग्लैंड की कप्तान हीथर नाइट एक रन ही बना सकी थीं कि पूनम ने उन्हें पगबाधा करवाते हुए भारत को तीसरी और अहम सफलता दिलाई।

यहां से सारा और नताली ने टीम के लिए संघर्ष किया और विकेट पर जमी रहीं। इन दोनों ने संयम से खेलते हुए इंग्लैंड को दबाव से बाहर निकाला, लेकिन भारत की सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने भारत को एक बार फिर मैच में वापस ला दिया। उन्होंने कुछ ही अंतराल में इंग्लैंड के तीन विकेट गिरा दिए।

सारा अपने अर्धशतक से दूर थीं तबी झूलन ने उन्हें विकेट के पीछे सुषमा वर्मा के हाथों लपकवाया। झूलन ने फ्रान विल्सन को खात भी नहीं खोलने दिया और अगली ही गेंद पर उन्हें पवेलियन भेज दिया। यह दोनों 146 के कुल स्कोर पर आउट हुईं।

अर्धशतक पूरा करने के बाद नताली भी पवेलियन लौट गईं। वह झूलन की गेंद पर पगबाधा करार दे दी गईं। नताली 164 के कुल स्कोर पर आउट हुईं। उन्होंने अपनी पारी में 68 गेंदों का सामना करते हुए पांच बार गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया।

लग रहा था कि इंग्लैंड 200 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी, लेकिन कैथरीन ब्रंट (34) और जैनी गन (नाबाद 25) ने टीम को 200 के पास पहुंचाया। 196 के कुल स्कोर पर ब्रंट, दीप्ति शर्मा की सीधी थ्रो शिकार हो कर पवेलियन लौट लीं।

गन ने इसके बाद लॉरा मार्श (14) के साथ मिलकर टीम को 228 के स्कोर तक पहुंचाया।

भारत की तरफ से झूलन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। पूनम यादव दो विकेट लेने में सफल रहीं। अलावा राजेश्वरी गायकवाड़ के हिस्से एक सफलता आई।

Source:livetoday.com

No comments:

Post a Comment