Monday, 17 July 2017

इजरायल ने अल-अक्सा मस्जिद श्रद्धालुओं के लिए खोली

यरुशलम, एएफपी। इजरायल ने आतंकी हमले के बाद से बंद ऐतिहासिक अल-अक्सा मस्जिद रविवार से श्रद्धालुओं के लिए खोल दी है। फिलहाल इसमें सीमित प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। मस्जिद के प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर और सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम चल रहा है।

अरब मूल के तीन हमलावरों ने शुक्रवार को पुराने यरुशलम में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर दो पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। तीनों टेंपल माउंट (हरम अल-शरीफ) की ओर भाग गए थे। बाद में सुरक्षाबलों ने तीनों को मार गिराया था। इजरायली अधिकारियों ने हमलावरों के अल-अक्सा मस्जिद की ओर से आने की बात कही थी। इसके बाद अप्रत्याशित कदम उठाते हुए मस्जिद परिसर को बंद कर दिया गया था।

शुक्रवार को जुमे की नमाज पढ़ने की भी इजाजत नहीं दी गई थी। इसे शनिवार को भी बंद रखा गया था। जॉर्डन और फलस्तीन ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई थी। इजरायल ने कहा है कि सुरक्षा जांच के लिए परिसर को बंद करना जरूरी हो गया था। इसे रविवार दोपहर खोल दिया गया। इजरायली पुलिस की प्रवक्ता लुबा सामरी ने बताया कि महत्वपूर्ण स्थानों पर मेटल डिटेक्टर और सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment