Thursday, 20 July 2017

समुद्र नहीं जमीन पर हुई थी प्रारंभिक जीवन की शुरुआत

वाशिंगटन, आइएएनएस। धरती पर प्रारंभिक जीवन को लेकर फिर नई बहस छिड़ गई है। नए शोध में दावा किया गया है कि धरती पर 58 करोड़ साल पहले सूक्ष्मजीव समुद्र नहीं बल्कि जमीन पर पैदा हुए थे। यह शोध स्ट्रोमेटोलाइट मॉडल पर आधारित है। स्ट्रोमेटोलाइट बहुस्तरीय खनिज संरचना है। इनका आकार गोल्फ बॉल से लेकर विशाल गुब्बारे तक का होता है। ये धरती पर 3.5 अरब साल पहले जीवित जीवों के प्राचीन प्रमाण को दर्शाते हैं।

कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी और सिडनी की न्यू साउथ वेल्स यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओ की टीम ने दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के पिलबरा क्षेत्र में इनका बारीकी से अध्ययन किया। उन्होंने उन साक्ष्यों की तलाश की जिससे यह पता चल सके कि प्राचीन सूक्ष्मजीवों ने किस तरह प्रचुर मात्रा में स्ट्रोमेटोलाइट का निर्माण किया था। इन स्ट्रोमेटोलाइट की खोज 1970 के आसपास की गई थी।

कई वैज्ञानिकों का मानना है कि जीवन की शुरुआत समुद्र में हुई थी। उनकी नजर में इन खनिजों की उत्पत्ति छिछले और खारे समुद्री पानी में उसी तरह हुई थी जिस तरह विश्व विरासत सूची में शामिल शार्क बे इलाके में स्ट्रोमेटोलाइट की हुई थी। जबकि इसके विपरित न्यू साउथ वेल्स यूनिवर्सिटी की शोधकर्ता तारा जोकिक ने यह पता लगाया कि स्ट्रोमेटोलाइट की उत्पत्ति खारे पानी में नहीं हुई थी। इनका निर्माण यलोस्टोन में गर्म मौसम के हालात में हुआ था।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment