Wednesday, 19 July 2017

दक्षिण कोरिया ने उत्तर कोरिया के सामने रखा बातचीत का प्रस्ताव

सोल
दक्षिण कोरिया ने अपने धुर विरोधी उत्तर कोरिया के साथ सैन्य वार्ता करने का प्रस्ताव देकर सबको चौंका दिया है। दक्षिण कोरिया का कहना है कि वह सीमा पर जारी तनाव को घटाने और 1950 के दशक में दोनों देशों के बीच हुई लड़ाई में अलग हो गए परिवारों को मिलाने के लिए यह पहल कर रहा है। 

नए राष्ट्रपति मून जे-इन ने पहली बार प्योंगयांग को बातचीत का यह आधिकारिक निमंत्रण दिया है। सोल ने कहा है कि दोनों देशों को आपसी तनाव घटाने के तरीकों पर बातचीत करनी चाहिए। उत्तर कोरिया इस प्रस्ताव पर कैसी प्रतिक्रिया देगा, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। राष्ट्रपति मून जे-इन की नीतियां काफी उदारवादी मानी जा रही हैं, लेकिन उत्तर कोरिया पर दबाव बनाने के लिए वह अपनी पूर्ववर्ती सरकारों की ही तरह अमेरिका की मदद ले रहे हैं। ऐसे में हो सकता है कि प्योंगयांग उनपर भरोसा न करे। 

उत्तर कोरिया ने इसी महीने की शुरुआत में अंर्तमहाद्वीपीय बलिस्टिक मिसाइल (ICBM) का सफल परीक्षण करने का दावा किया था। पिछले कुछ समय से उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम को लगातार काफी सफलता मिल रही है। इसके कारण न केवल दक्षिण कोरिया और जापान, बल्कि अमेरिका भी काफी तनाव में है। उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार व मिसाइल कार्यक्रम के कारण पूरे क्षेत्र की शांति व स्थिरता दांव पर लगी है।

Source:indiatimes.com

No comments:

Post a Comment