Friday, 14 July 2017

आठ महीने में ही अमेरिका पहुंचे 50 हजार शरणार्थी

वाशिंगटन, एपी: अमेरिका में बीते आठ महीने में ही 50 हजार शरणार्थी पहुंचे। अमेरिकी प्रशासन ने चालू बजट वर्ष में शरणार्थियों को स्वीकार करने की उच्चतम सीमा 50 हजार तय की थी। हालांकि अमेरिका और शरणार्थियों को प्रवेश देगा लेकिन इसके लिए कड़े मानक तय किए गए हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने बीते महीने अपने आदेश में कहा था कि प्रशासन को 50 हजार की तय सीमा से अधिक शरणार्थियों को स्वीकार करना चाहिए। शर्त यह हो कि इनके अमेरिका में प्रमाणिक रिश्ते हों। अमेरिका में बुधवार तक शरणार्थियों की संख्या 50,086 तक पहुंच चुकी थी।

इन सभी को कड़ी जांच से गुजरना पड़ा लेकिन भविष्य में आनेवालों को यह भी साबित करना होगा कि अमेरिका उनका कोई नजदीकी रिश्तेदार रह रहा है, उन्हें नौकरी मिली हुई है या किसी कॉलेज में नामांकन मिल चुका है।

मानव तस्करी से निपटने के तीन बिल पारित

अमेरिकी कांग्रेस के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स ने मानव तस्करी से निपटने के तीन बिलों को मंजूरी दे दी। इन विधेयकों में अमेरिका और दूसरी जगहों पर इस समस्या से निपटने के प्रावधान हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इन बिल के पारित होने पर खुशी जाहिर की है।

ट्रंप ने कहा, 'मेरे प्रशासन ने दिल दहला देने वाली मानव तस्करी को खत्म करने पर ध्यान केंद्रित किया है। इस दिशा में हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स से पारित हुए ये तीनों बिल महत्वूपर्ण कदम हैं। मैंने राष्ट्रपति पद संभालने के बाद कई पीडि़तों, समूहों और मानव तस्करी के प्रति जागरुकता फैला रहे समर्पित लोगों से मुलाकात की। मुझे उम्मीद है कि ऊपरी सदन सीनेट से भी इन तीनों विधेयकों को जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी।'

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment