Monday, 3 July 2017

इसराइल के पूर्व प्रधानमंत्री ओलमर्ट रिहा

पूर्व इसराइली प्रधानमंत्री एहुद ओलमर्ट को पैरोल पर रिहा कर दिया गया है. उन्होंने 27 महीने क़ैद की अपनी सज़ा का दो-तिहाई हिस्सा जेल में काट लिया था.

उन्हें व्यापार मंत्री रहते हुए रिश्वत लेने और न्याय में बाधा पहुंचाने के आरोप में 2016 में जेल हुई थी.

71 वर्षीय ओलमर्ट इसराइल में जेल जाने वाले पहले पूर्व प्रधानमंत्री हैं.

ओलमर्ट 2006 में इसराइल के प्रधानमंत्री बने थे, लेकिन तीन साल बाद ही अपने ऊपर लगे आरोपों की वजह से उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था.

मासियाहु के सेंट्रल जेल से निकलते हुए उन्होंने पत्रकारों से बात नहीं किया.

इससे पहले इसराइल के पैरोल बोर्ड ने कहा था कि ओलमर्ट 'महत्वपूर्ण सुधार प्रक्रिया' से गुजर रहे हैं और जेल में उनका व्यवहार मोटे तौर पर 'सदाचारी' का रहा है.

हालांकि स्टेट एटॉर्नी अधिकारियों को शक़ है कि वो जेल में लिखी जा रही अपनी किताब का एक चैप्टर किसी तरह से बाहर भेजने में कामयाब रहे हैं. इस मामले की अधिकारी जांच कर रहे हैं और इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ख़तरा बता रहे हैं.

उन्हें कुछ दिनों पहले सीने में दर्द की वजह से अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, लेकिन बाद में सब कुछ सही रहने पर उन्हें वापस जेल में डाल दिया गया था.

2014 में रिश्वत के एक मामले में भी उन्हें दोषी पाया गया था. यह मामला तब का था जब वो 1993 से 2003 के बीच येरुशलम के मेयर थे.

ये मामला प्रॉपर्टी के एक सौदे से जुड़ा था.

Source:bbc.com

No comments:

Post a Comment