मिस्र की सेना ने कहा है कि उन्होंने कथित इस्लामिक स्टेट की सिनाई ईकाई के प्रमुख और कई अन्य चरमपंथियों को मार दिया है.
सेना का कहना है कि सिनाई प्रोविंस या अंसार बेत अल-मक़दिस गुट पर हुए हवाई हमलों में अबु दुआ अल-अंसारी को मार दिया गया है.
ये सटीक हमले इस जिहादी गुट का गढ़ माने जाने वाले शहर अल-अरिश के नज़दीक किए गए थे.
माना जाता है कि ये मिस्र का सबसे सक्रिय चरमपंथी गुट है और सिनाई और काहिरा में जानलेवा हमलों के लिए ज़िम्मेदार है.
मिस्र की सेना के अनुसार "इन हमलों में 45 अन्य चरमपंथियों की भी मौत हो गई है और दर्जनों घायल हुए हैं. हथियार और गोलाबारूद के कई भंडारों को भी नुक़सान पहुंचा है."
ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद समीर ने फेसबुक पन्ने पर लिखा कि अल-अंसारी को 'सटीक जानकारी' के आधार पर किए गए ऑपरेशन में मारा गया.
यह ऑपरेशन कब किया गया था इस बारे में इस पोस्ट में कोई जानकारी नहीं है.
अंसार बेत अल-मक़दिस जिहादी समूह सिनाई इलाके में साल 2011 से सक्रिय है और उसने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
येरुसलम का समर्थन करने वाले इस समूह ने नवंबर 2014 में इस्लामिक स्टेट के साथ निष्ठा की कसम ली थी और अपना नाम बदल कर सिनाई प्रोविंस कर लिया था.
Courtesy: hike. In
No comments:
Post a Comment