नयी दिल्ली, 30 जुलाई भाषा सेंसेक्स की दस सबसे मूल्यवान कंपनियों में से आठ के बाजार पूंजीकरण :मार्केट कैप: में बीते सप्ताह 62,997.73 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। सबसे अधिक लाभ में एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक रहें।
समीक्षाधीन सप्ताह में टीसीएस और हिंदुस्तान यूनिलीवर को छोड़कर अन्य कंपनियों मसलन रिलायंस इंडस्ट्रीज लि., आईटीसी, एसबीआई, मारुति सुजुकी आदि के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी हुई।
सप्ताह के दौरान एचडीएफसी का बाजार मूल्यांकन 22,650.95 करोड़ रुपये बढ़कर 2,84,140.36 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 19,579.63 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 4,58,002.04 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। भारतीय स्टेट बैंक की बाजार हैसियत 7,639.37 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 2,58,270.95 करोड़ रुपये रही।
सप्ताह के दौरान इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 4,123.01 करोड़ रुपये बढ़कर 2,29,200.62 करोड़ रुपये रहा, जबकि आईटीसी की बाजार हैसियत 3,344.5 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 3,54,212.97 करोड़ रुपये रही।
मारुति सुजुकी का बाजार पूंजीकरण सप्ताह के दौरान 2,850.12 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 2,30,243.91 करोड़ रुपये रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 2,617.65 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 5,18,408.04 करोड़ रुपये रहा। ओएनजीसी के बाजार पूंजीकरण में 192.5 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ और यह 2,11,363.38 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
इस रुख के उलट टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 1,560.15 करोड़ रुपये घटकर 4,75,269.75 करोड़ रुपये पर आ गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 963.19 करोड़ रुपये घटकर 2,49,800.85 करोड़ रुपये रह गया।
शीर्ष दस की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क््रुमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी, एचडीएफसी, एसबीआई, हिंदुस्तान यूनिलीवर, मारुति, इन्फोसिस और ओएनजीसी का स्थान रहा।
बीते सप्ताह बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 280.99 अंक या 0.87 प्रतिशत चढ़ा जबकि नेशनल स्टाक एक्सचेंज के निफ्टी में 99.25 अंक या एक प्रतिशत का लाभ रहा।



