Saturday, 7 October 2017

पैराग्वे ने माली को 3-2 से हराया

पैराग्वे ने माली को 3-2 से हराया

मुंबई। दूसरे हाफ में पेनल्टी पर दागे गोल की बदौलत पैराग्वे ने फीफा अंडर 17 विश्व कप के ग्रुप बी मैच में शुक्रवार को  यहां माली को 3-2 से हरा दिया। मध्यांतर तक दोनों टीमें 2-2 से बराबर थी जिसके बाद एलेन रोड्रिगेज ने 55वें मिनट में पेनल्टी किक पर गोल दागकर पैराग्वे की जीत सुनिश्चित की।

अब्दोल्ये डियाबी के हैंडबाल के कारण पैराग्वे को यह पेनल्टी किक मिली थी जिसे रोड्रिगेज ने अपने दमदार शाट की बदौलत माली के गोलकीपर को छकाते हुए गोल में तब्दील किया। माली ने काफी मूव बनाए लेकिन अधिकांश मौकों पर उसके खिलाड़ी लंबी दूरी से गेंद को बार के ऊपर से मार गए। इससे पहले पैराग्वे ने 12वें मिनट में एंटोनियो गेलीनो के गोल की बदौलत बढ़त बनाई।

पांच मिनट बाद माली के डिफेंस की खामी के कारण पैराग्वे ने लियोनाडोक सांचेज की बदौलत अपना दूसरा गोल करते हुए 2-0 की बढ़त बनाई।तीन मिनट बाद हालांकि माली ने हादजी ड्रेम के गोल से 20वें मिनट में स्कोर 1-2 किया। शुरूआत में पैराग्वे ने आक्रामक रख अपनाया था लेकिन दो गोल से पिछडऩे के बाद माली ने शानदार खेल दिखाया।

माली के लसाना नादिये ने 30वें मिनट में दमदार शाट लगाया लेकिन गेंद क्रासबार से टकराकर बाहर चली गई। गत उपविजेता माली ने हालांकि चार मिनट बाद बराबरी हासिल कर ली। जेमोसा त्राओरे ने बायें छोर से शानदार मूव बनाया और गेंद नादिए की ओर बढ़ाई जिन्होंने इसे गोल में पहुंचा दिया। दूसरे हाफ में पिछडऩे के बाद माली को बराबरी हासिल करने के कुछ मौके मिले लेकिन टीम गोल नहीं कर सकी।

Source: Samachar Jagat 

No comments:

Post a Comment