सोनी पिक्चर्स ने खरीदे 2018 में भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे के प्रसारण अधिकार
नई दिल्ली। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (एसपीएन) ने भारतीय क्रिकेट टीम के ऑस्ट्रेलियाई दौरे और नवंबर में शुरू होने वाली एशेज सीरीज सहित विभिन्न क्रिकेट दौरों के विशेष मीडिया अधिकार हासिल किए हैं.
भारतीय उपमहाद्वीप के लिए हुए इस समझौते में ऑस्ट्रेलिया में होने वाली कई अन्य देशों की सीरीज भी शामिल हैं. इनमें पाकिस्तान और श्रीलंका भी हैं. एसपीएन ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का प्रसारण 11 चैनलों के अपने खेल नेटवर्क के जरिए करेगा.
यहां जारी विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में होने वाले सभी पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के विशेष मीडिया अधिकार हासिल किए हैं. इसकी शुरुआत नवंबर 2017 में एशेज सीरीज से होगी.’ इसमें कहा गया है, ‘यह करार छह साल के लिए है और इसमें भारत के विभिन्न दौरों के अलावा पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका के दौरे और 2021-22 की एशेज सीरीज भी शामिल है.’
लगभग एक दशक तक आईपीएल का प्रसारण करने के बाद हाल ही में सोनी को स्टार इंडिया के हाथों आईपीएल के प्रसारण अधिकारो की नीलामी में मुंह की खानी पड़ी थी. लेकिन अब ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के प्रसारण अधिकार मिलना निश्चित तौर पर उसके लिए राहत की खबर है.
No comments:
Post a Comment