नई दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट ने आज कहा कि शहर के सभी भोजनालयों में स्वच्छता और सुरक्षा पैमानों को ध्यान में रखा जाए. कोर्ट का कहना है कि फूड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट इन पैमानों को लागू करने के लिए किसी खास रेस्तरां या फिर भोजनालयों का चुनाव नहीं कर सकते.
कोर्ट के जज संजीव सचदेवा ने यह टिप्पणी मशहूर रेस्तरां ‘काके दा होटल’ के खिलाफ जारी नोटिस को वापस लेने का आदेश देते हुए की. आपको बता दें कि साफ सफाई और सुरक्षा मानकों की कथित कमी को लेकर राजधानी के मशहूर रेस्तरां ‘काके दा होटल’ के खिलाफ नोटिस जारी किया गया था, जिसे कोर्ट ने वापस लेने का आदेश दिया.
दरअसल, एक वीडियो को लेकर हाल में विवाद पैदा हो गया था जिसमें कनॉट प्लेस के होटल में आटे को कथित रूप से पैरों से गूथते हुए दिखाया गया था. अदालत ने दिल्ली सरकार के फूड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट से कहा है कि आप किसी विशेष रेस्तरां का चयन नहीं कर सकते. आपको सुनिश्चित करना होगा कि हर जगह समान सुरक्षा पैमानों को पूरा किया जाए.
इस रेस्तरां ने अदालत में कहा है कि उसने दो कमियों को छोड़कर सभी जरूरतों को पूरा किया है और उसने कहा कि इन कमियों को भी एक हफ्ते के भीतर दूर किया जाएगा. फूड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट ने इन रेस्तरां की दलीलों को स्वीकार किया और कहा कि होटल अब शहर में सबसे स्वच्छ जगहों में से एक है.
विभाग ने अदालत को आश्वासन दिया कि वह सभी रेस्तरां और अन्य भोजनालयों का निरीक्षण करेगा और मानकों को पूरा नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगा. विभाग ने 22 फरवरी को रेस्तरां चलाने वाली कंपनी को तत्काल रोक के लिए नोटिस जारी किया था. यह नोटिस उस वीडियो को लेकर जारी किया गया था कि जिसमें होटल के एक कर्मचारी को कथित रूप से पैरों से आटा गूथते हुए दिखाया गया था.
Source:abplive.in
No comments:
Post a Comment