Tuesday, 28 March 2017

कोल्ड चेन का जाल बिछायेगी सरकार

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। फल, फूल व अन्य कृषि उपज को उचित तरीके से सहेजकर उसे ताजा तरीन तरीके से उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। एकमुश्त 101 कोल्ड स्टोर की श्रृंखला बनाने के मसौदे को मंजूरी दी गई है जो मौजूदा कोल्ड स्टोर की संख्या के लगभग बराबर है। इससे खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की वृद्धि दर को नये पंख लग सकते हैं, जिससे वह ऊंची उड़ान भर सकता है।

रखरखाव के अभाव में जल्दी खराब होने वाली सब्जियों, फल, मीट, पाल्ट्री और डेयरी उत्पाद को किसान के खेत से भंडारगृह के रास्ते उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का रास्ता सरकार की इस पहल से आसान हो जाएगा। कोल्ड चेन में खेतों से उपज को सीधे उठाकर फ्रीज वाले ट्रकों में लादने, उसकी ग्रेडिंग और छंटाई के साथ उसे कोल्ड स्टोर में रखने की व्यवस्था की जा रही है। इसके बाद उसे खुदरा बाजार के रास्ते उपभोक्ताओं के रसोई तक पहुंचाने का बंदोबस्त किया जा रहा है। इसमें केंद्र सरकार की मदद से राज्य सरकारें, छोटे से लेकर बड़े निवेशक और औद्योगिक घराने हिस्सा ले रहे हैं।

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने एक प्रेसवार्ता में विस्तार से इसकी जानकारी देते हुए कहा कि अब तक देश में केवल 133 कोल्ड चेन परियोजनाएं स्थापित की जा सकी हैं। लेकिन उनकी सरकार ने इस मसले को गंभीरता से लेते हुए एकमुश्त 101 कोल्ड परियोजनाओं को मंजूर किया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि आमतौर पर इन परियोजना को चालू होने में डेढ़ साल का समय लगता है। लेकिन उन्हें यकीनन है कि आगामी दो सालों के भीतर सभी परियोजनाएं स्थापित हो जाएंगी।

उन्होंने कहा कि देश में फिलहाल केवल 2.2 फीसद फल और सब्जियों की ही प्रोसेसिंग हो पाती है। जल्दी खराब वाली ज्यादा जिंसों के चौपट होने की आशंका रहती है। लेकिन कोल्ड चेन के हो जाने से नुकसान होने की दर में कमी आयेगी। दरअसल, ज्यादातर कोल्ड स्टोर का उपयोग केवल आलू के भंडारण में हो पाता है। ऐसी जिंसों के उचित रखरखाव के लिए अभी लंबा रास्ता तय करना है। खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय देश में राष्ट्रीय कोल्ड चेन ग्रिड का निर्माण कर रहा है। इससे सभी खाद्य उत्पादक केंद्रों को कोल्ड स्टोर और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से जोड़ा जा सकेगा।

बादल ने कहा कि कोल्ड चेन ग्रिड जैसे बुनियादी ढांचे की स्थापना से किसानों की आय को दोगुना करने में मदद मिलेगी। रोजगार सृजन में भी इससे मदद मिलेगी। इन 101 कोल्ड चेन परियोजना से कुल 2.76 लाख टन कोल्ड स्टोरेज की अतिरिक्त क्षमता बढ़ जाएगा। 56 लाख लीटर दूर की प्रोसेसिंग रोजाना हो सकेगी।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment