हांगकांग, रायटर। हांगकांग में हुए चुनाव में चीन समर्थित कैरी लैम ने जीत हासिल की है। चीन प्रशासित इस महानगर में सत्ता संभालने वाली वह पहली महिला होंगी। उन्हें महानगर के 73 लोगों द्वारा चुने गए 1200 प्रतिनिधियों में बहुमत हासिल है। कैरी लैम को इनमें 777 लोगों ने वोट दिये जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी जॉन सैंग को 365 वोट मिले। लैम एक जुलाई को कार्यभार संभालेंगी।
जीत के बाद लैम ने कहा, हांगकांग हमारा घर है लेकिन यह बहुत तरह से बंटा हुआ है। उनकी प्राथमिकता होगी कि समाज का यह भेदभाव खत्म हो और हम एकजुट होकर आगे बढ़ें। लैम ने चुनाव के दौर में किये गए वादों को पूरा करने का भरोसा दिया। कहा, दो स्तरीय प्रोफिट टैक्स व्यवस्था लागू की जाएगी। लोगों पर से टैक्स का बोझ कम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार किया जाएगा और अभिव्यक्ति की आजादी को बढ़ावा दिया जाएगा। चुने हुए 1200 प्रतिनिधि जिस समय नेता का चुनाव कर रहे थे, उसी समय सैकड़ों लोग चुनाव का विरोध करते हुए प्रदर्शन भी कर रहे थे। सन 1997 में ब्रिटिश शासन से चीनी शासन के अंतर्गत आए हांगकांग में चीन लगातार अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है। वह एक देश में दो व्यवस्था का भी विरोध कर रहा है जिसके चलते हांगकांग में सरकार चुनी जाती है।
Source:jagran.com
No comments:
Post a Comment