वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के मंगलयान क्यूरियोसिटी के पहियों में हल्की दरारें बन गई हैं। लाल ग्रह के अभियान पर जुटे यान से जुड़े वैज्ञानिकों ने हाल ही में इन दरारों का पता लगाया है।
नासा के वैज्ञानिक लगातार तस्वीरों के माध्यम से यान का मुआयना करते रहते हैं। 19 मार्च को तस्वीरें जांचते हुए इन दरारों को देखा गया। इससे पहले 27 जनवरी को की गई जांच में दरारें नहीं थीं। हालांकि वैज्ञानिकों ने इसे किसी तरह का खतरा नहीं माना है।
वैज्ञानिक जिम एरिक्सन ने कहा, 'क्यूरियोसिटी को अभियान के तहत निर्धारित सभी जगहों तक सकुशल पहुंचाने के हिसाब से उसमें लगे छह पहिये पर्याप्त हैं। अभी ये पहिये लंबे समय तक काम करने में सक्षम हैं। यह दरार अप्रत्याशित नहीं है।' 2013 में क्यूरियोसिटी के पहियों में उम्मीद से पहले ही दबने के निशान और छेद दिखाई देने के बाद इसके पहियों पर लगातार नजर रखने और साथ ही उनकी क्षमता को लेकर परीक्षणों की शुरुआत की गई थी।
Source:jagran.com
No comments:
Post a Comment