Monday, 27 March 2017

आस्‍ट्रेलिया के क्‍वींसलैंड तट से कल टकराएगा शक्तिशाली चक्रवात डेबी

सिडनी (एएफपी)। ऑस्ट्रेलिया में शक्तिशाली चक्रवात डेबी की आशंकाओं को देखते हुए तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से घरों को खाली करने का अनुरोध किया गया है। मौसम विभाग ने इस तूफान को लेकर आगाह किया है कि यह चौथी श्रेणी का है। मौसम विभाग के मुताबिक इसके क्‍वींसलैंड के तट से टकराने पर हवाओं की रफ्तार 300 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। ऐसे में कई मकान ध्‍वस्‍त हो सकते हैं। सरकार और प्रशासन ने इस चक्रवात से बचने के लिए इसके दायरे में आने वाले करीब 3500 लोगों को सुरक्षित स्‍थान पर जाने की सलाह दी है। इनमें से कई को सुरक्षित स्‍थान पर भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। 

इसके मंगलवार से पहले ही क्वींसलैंड स्टेट पहुंचने की आशंका है। क्वींसलैंड स्टेट की प्रमुख एनास्टैसिया पलास्जककाकु ने चेतावनी दी कि यह तूफान 2011 में आए चक्रवात यसी से भी अधिक शक्तिशाली होगा। इस तूफान की वजह से घरों, फसलों और द्वीपों को काफी नुकसान पहुंचा था। बंदरगाह की प्रवक्ता फिओना कुभन्नघम ने कहा कि मैक और हे पॉइंट में एबॉट प्वाइंट कोल टर्मिनल और बंदरगाह को अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया है।

टाउनसविले के निकट कई निचले इलाकों से लोगों को जबरन हटाया गया है, जबकि प्राधिकरणों ने सिफारिश की है कि दक्षिण के इलाके से में हजारों लोगों को निकाला जाये। इस तूफान से निपटने के लिए सेना को तैयार रखा गया है। तेल और ईधन कंपनियों से अतिरिक्त आपूर्ति करने का अनुरोध किया गया है और अतिरिक्त खाद्य समाग्रियों को इलाके में भेज दिया गया है।

Source:Jagran.com

No comments:

Post a Comment