Tuesday, 7 March 2017

उज्बेकिस्तान के खिलाफ लिएंडर पेस डेविस कप टीम में बरकरार

 

नई दिल्ली, प्रेट्र। दिग्गज लिंएडर पेस को उज्बेकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए भारतीय डेविस कप टीम में बरकरार रखा गया है। हालांकि अंतिम फैसला नए गैरखिलाड़ी कप्तान महेश भूपति करेंगे कि उनका यह पुराना साथी अंतिम चार में रहेगा या नहीं। पेस को बेंगलुरु में सात अप्रैल से शुरू होने वाले एशिया ओसियाना ग्रुप एक के दूसरे दौर के लिए टीम में रखने पर भूपति फैसला मुकाबले से दस दिन पहले करेंगे।

अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआइटीए) की एसपी मिश्रा की अगुआई वाली चार सदस्यीय चयन समिति ने छह सदस्यीय टीम में चार सिंगल्स खिलाडिय़ों का चयन किया है। एआइटीए के महासचिव हिरणमय चटर्जी ने कहा, 'भारत के पास ये सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं। अब कप्तान के पास मौका है कि वह इनमें से सर्वश्रेष्ठ का चयन करें। आज की तिथि में डबल्स के लिए सर्वश्रेष्ठ विकल्प लिएंडर और रोहन हैं चाहे हम रैंकिंग की बात करें या फॉर्म की। कप्तान चयन समिति के अध्यक्ष के साथ चर्चा करके मुकाबले से दस दिन पहले अंतिम चार खिलाडिय़ों का चयन करेंगे। यह मुकाबला हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। डेनिस इस्तोमिन यदि फिट रहता तो दोनों सिंगल्स मैच जीत सकता है। इसलिए इस मुकाबले में डबल्स हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण बन जाता है। इसलिए अब फैसला कप्तान को करना है। चटर्जी ने कहा कि उन्होंने तीन सिंगल्स और दो डबल्स खिलाड़ी चुनने पर विचार किया, लेकिन चर्चा के बाद छह सदस्यीय टीम का चयन करने पर सहमति बनी।

टीम : रामकुमार रामनाथन, युकी भांबरी, प्रजनेश गुणेश्वरन और एन श्रीराम बालाजी सिंगल्स में। रोहन बोपन्ना और लिएंडर पेस डबल्स में।

ध्रुव व नितिन भी : इसके अलावा एआइटीए ने अनुभव के लिए दो जूनियर खिलाडिय़ों धु्रव सुनिश और नितिन सिन्हा का भी चयन किया है। 

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment