नई दिल्ली
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने अमेरिका में एक भारतीय मूल के सिख नागरिक पर हुए हमले को लेकर दुख जाहिर किया है। उन्होंने हमले में घायल हुए दीप राय (39) के पिता से भी बात की है। दीप पर शुक्रवार को वॉशिंगटन के केंट शहर में उनके घर के बाहर नकाबपोश हमलावर ने गोली चला दी थी। उनपर गोली चलाते वक्त हमलावर 'गो बैक टू योर ओन कंट्री' कह रहा था।
सुषमा स्वराज ने रविवार को इस घटना पर ट्वीट किया, 'मुझे अमेरिका में भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक दीप राय पर हुए हमले का दुख है। मैंने उनके पिता सरदार हरपाल सिंह से बात की है।' स्वराज ने आगे ट्वीट किया, 'हरपाल सिंह ने मुझे बताया कि उनके बेटे के बांह में गोली लगी है। वह खतरे से बाहर हैं और निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।'
इधर, इस घटना पर केंट पुलिस चीफ केन थॉमस ने कहा कि दीप को गंभीर चोट नहीं लगी थी, लेकिन वे इस मामले को गंभीरता से देख रहे हैं। भारतीय अधिकारी ने कहा कि दीप बात कर सकते हैं। अधिकारी ने कहा कि सरकार दीप को हर तरह की मदद देने को तैयार है। वहीं, अमेरिकी अधिकारी मामले की जांच हेट क्राइम के ऐंगल से भी कर रहे हैं।
सैन फ्रांसिस्को में भारतीय महावाणिज्यदूत स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं। वहीं, केंट पुलिस ने जांच शुरू कर एबीआई से भी संपर्क किया है। बता दें कि कुछ दिन पहले ही कैंजस में एक भारतीय इंजिनियर की 'मध्य पूर्व' का नागरिक समझ कर हत्या कर दी गई थी। भारतीय नागरिक पर एक बार में हमला किया गया था जिसमें उनका दोस्त भी घायल हुआ था। इसी सप्ताह की शुरुआत में एक भारतीय मूल के नागरिक हरनीश पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इन घटनाओं ने अमेरिका में रह रहे भारतीयों और उनके रिश्तेदारों के बीच चिंता बढ़ी दी है।
Source:indiatimes.com
No comments:
Post a Comment