Monday, 6 March 2017

दुनिया में 10 करोड़ से अधिक लोग भुखमरी की कगार पर: संयुक्त राष्ट्र

रोम
पूरी दुनिया में 10 करोड़ से भी अधिक की जनसंख्या भुखमरी की कगार पर पहुंच चुकी है। संयुक्त राष्ट्र के एक सीनियर अधिकारी ने यह आंकड़ा जारी करते हुए बताया कि सहायता न मिलने की स्थिति में यह संख्या और भी बढ़ सकती है।

संयुक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के आपात विभाग के निदेशक डॉमिनिक बर्जन ने कहा कि ताजा आंकड़ों के अनुसार करीब 10 करोड़ 20 लाख लोग कुपोषण का शिकार हैं और भुखमरी के कगार पर हैं। 2016 में यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में 30 प्रतिशत तक बढ़ गई।

बर्जन ने कहा, 'यह समस्या सबसे अधिक यमन, दक्षिण सूडान, नाइजीरिया और सोमालिया में गहराई है। इन देशों में संघर्ष और सूखे की मार से खाद्य उत्पादन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। मानवीय सहायता से कई लोगों को जिंदा रखा गया है लेकिन अब खाद्य स्थिति बिगड़ती ही जा रही है। लोगों की सहायता के लिए और भी मदद की जरुरत है, जिससे वह खेती और पशुपालन से खुद अपना पेट भरने में सक्षम हो सकें।'

संयुक्त राष्ट्र वर्ल्ड फूड प्रोग्राम ने पिछले महीने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि अकाल की वजह से 6 महीनों के अंदर 2 करोड़ लोग मौत के मुहाने पर खड़े हैं। गृह युद्ध और सूखे की स्थिति इसके पीछे प्रमुख वजह है। यहां बोको हराम और अन्य जेहादी संगठनों की वजह से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं।

बर्जन ने बताया कि फंड की कमी से भी सहायता अभियान प्रभावित हुआ है। FAO, अगले 2 हफ्तों में जरुरी 2 करोड़ डॉलर में से एक तिहाई ही जुटा सका है।

Source:indiatimes.com

No comments:

Post a Comment