Thursday, 9 March 2017

पहली महिला डीजल इंजन चालक को राष्ट्रपति सम्मान

मुंबई, आइएएनएस। एशिया की पहली डीजल रेल इंजन चलाने वाली मुमताज काजी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने सम्मानित किया है। उन्हें नारी शक्ति अवार्ड से नवाजा गया है। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली छह अन्य महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।

मुमताज (45) ने तीन साल पहले डीजल इंजन चलाया था। वह फिलहाल मध्य रेलवे के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-ठाणे रेल खंड पर तैनात हैं। मुमताज ने अब तक की रेलवे की नौकरी में कई तरह की ट्रेनें चला चुकी हैं। परंपरागत मुस्लिम परिवार से होने के कारण उनकी राह कतई आसान नहीं रही।

मुमताज के रेलवे में ड्राइवर की नौकरी करने के फैसले का सबसे पहले उनके पिता अल्लारखु इस्माइल कठावला ने ही विरोध किया था। वह खुद रेलवे में कार्यरत थे। रेलवे के वरिष्ठ सहकर्मियों, परिजनों और दोस्तों के कहने के बाद इस्माइल इसके लिए राजी हुए थे। मुमताज ने वर्ष 1989 में सेठ आनंदीलाल पोद्दार हाई स्कूल (सांताक्रुज) से मैट्रिक की परीक्षा पास की थी। उनकी शादी नंदुरबार के इलेक्टि्रकल इंजीनियर मकसूद काजी से हुई।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment