Tuesday, 7 March 2017

फेसबुक मेसेंजर में मिलेगा ‘डिसलाइक’ का ऑप्शन

न्यू यॉर्क
फेसबुक पर किसी से चैट करते हुए यदि कोई बात पंसद ना आए तो आप 'डिसलाइक' का बटन दबा कर अपनी भावना आसानी से जाहिर कर पाएंगे। किसी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देने के विकल्पों को लेकर छिड़ी बहस के बीच कंपनी अपनी मेसेंजर सेवा पर ‘डिसलाइक’ बटन की सुविधा दे सकती है। मीडिया रिपोर्ट में ऐसी संभावना व्यक्त की गई है।

टेक्नॉलजी वेबसाइट ‘टेकक्रंच डॉट कॉम’ की रिपोर्ट के अनुसार, फेसबुक अपने मैसेंजर सुविधा में पहले से दिए गए रिएक्शन के ऑप्शंस में ‘डिसलाइक’ का ऑप्शन भी जोड़ सकती है। रिपोर्ट में फेसबुक के हवाले से कहा गया है, ‘हम हमेशा से मैसेंजर को यूजर्स के अधिक से अधिक करीब और मजेदार बनाने के तरीके ढूंढते रहते हैं। यह एक छोटा सा प्रयोग होगा, जिसमें हम अपने उपयोगकर्ताओं को एक इमोजी के जरिए उनकी भावनाएं बेहतर तरीके से व्यक्त करने की सुविधा देंगे।’

हालांकि फेसबुक का कहना है कि अभी ‘डिसलाइक’ की सुविधा सिर्फ मेसेंजर ऐप पर दी जाएगी, न कि फेसबुक के नियमित पोस्टों के लिए। यह मैसेंजर ऐप पर मौजूद अन्य इमोजी के साथ ही होगा, जिसमें नीचे की ओर इशारा करते हुए अंगूठे के चिह्न को जोड़ा गया है। इसके अलावा एक तरह की प्रतिक्रियाओं की संख्या भी अब गिनी जा सकेगी। फेसबुक ने फरवरी में अपने इन ‘प्रतिक्रिया’ व्यक्त करने वाले चिह्नों की वर्षगांठ मनाई और फेसबुक के इस पोस्ट पर 300 अरब प्रतिक्रियाएं दर्ज हुईं।

Source:indiatimes.com

No comments:

Post a Comment