Monday, 13 March 2017

चौरसिया फिर बने इंडियन ओपन चैंपियन, दूसरी बार जीता ये खिताब

अनिल भारद्वाज, गुरुग्राम। एसएसपी चौरसिया ने रविवार को अंतिम राउंड में एक अंडर-71 का स्कोर करते हुए लगातार दूसरी बार इंडियन ओपन का खिताब जीता। वह यह खिताब बचाने वाले दूसरे भारतीय गोल्फर भी बन गए हैं।

चौरसिया की एशियन टूर पर यह छठी जीत है और ओवरऑल छठा अंतरराष्ट्रीय खिताब है। 38 वर्षीय कोलकाता के चौरसिया की दस-अंडर की भविष्यवाणी सच हो गई। उन्होंने अंतिम होल पर बोगी के साथ चार बर्डी खेली और दस अंडर-278 का कुल स्कोर कर खिताब अपने नाम किया। इसके साथ वह तीसरे खिलाड़ी बन गए है, जिन्होंने लगातार इंडियन ओपन खिताब जीता। ज्योति रंधावा (2006, 2007) और जापान के केंजी हौशीशि (1967, 1968) ने यह खिताब अपने नाम किया था। चौरसिया के खिताब जीतते ही इंडियन ओपन में भारतीयों की खिताबी हैट्रिक भी पूरी हो गई। चौरसिया ने पिछले साल और अनिर्बान लाहिड़ी ने 2015 में यह खिताब जीता था।

चौरसिया ने रविवार को अपना तीसरा राउंड चार अंडर-68 के स्कोर से पूरा किया और फिर चौथे राउंड में एक अंडर-71 का कार्ड खेलकर खिताब अपने नाम कर लिया। इससे पहले वह स्पेन के कार्लोस पायगेम पर दो स्ट्रोक की बढ़त लेकर आगे चल रहे थे, लेकिन चौथे होल पर कार्लोस की जीत की उम्मीद खत्म हो गई, जब चौरसिया ने बर्डी खेली और कार्लोस अपना खराब शॉट खेल बैठे। वहीं, शीर्ष भारतीय खिलाड़ी अनिर्बान लाहिड़ी अंतिम राउंड में तीन अंडर-69 का स्कोर करते हुए संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।

स्कॉटलैंड के स्कॉट जैमीसन (72) और इटली के मैटेओ मैनससेरो (73) दो अंडर-286 के स्कोर के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर रहे। अन्य भारतीयों में, चिराग कुमार (74) कुल 293 स्कोर के साथ 22वें और एस चिक्कारंगप्पा (72) कुल 295 स्कोर के साथ 34वें स्थान पर रहे। चौरसिया को दो लाख, 91 हजार, 660 डॉलर (लगभग एक करोड़, 94 लाख रुपये) इनाम में मिले।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment