इंडियन वेल्स (कैलिफोर्निया), प्रेट्र। भारतीय टेनिस सनसनी सानिया मिर्जा और चेक गणराज्य की उनकी जोड़ीदार बारबोरा स्ट्राईकोवा ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं, लिएंडर पेस की हार के साथ पुरुष वर्ग में भारतीय चुनौती खत्म हो गई।
सानिया और स्ट्राईकोवा की जोड़ी ने इटली की सारा ईरानी और पोलैंड की एलिसिया रोसोल्सका को सीधे गेम में 6-2, 6-3 से पराजित किया। इंडो-चेक जोड़ी ने यह मुकाबला एक घंटे, चार मिनट में अपने नाम किया। सानिया-स्ट्राईकोवा ने नौ ब्रेक प्वाइंट में से पांच भुनाए।
पेस और अर्जेंटीना के उनके जोड़ीदार जुआन मार्टिन डेल पोत्रो को अमेरिका के सैम क्वेरी और लक्जमबर्ग के गाइल्स मूलर के हाथों 3-6, 4-6 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। क्वेरी और मूलर ने छह एस लगाते हुए पेस और पोत्रो को एक घंटे से कुछ अधिक समय तक चले मैच में हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। इससे पहले रोहन बोपन्ना और उनके जोड़ीदार पाब्लो कुएवास भी पहले दौर की बाधा पार नहीं कर सके थे।
Source:jagran.com
No comments:
Post a Comment