केप केनवेरल, एपी : दुनिया की सबसे उम्रदराज और सर्वाधिक अनुभवी महिला अंतरिक्ष यात्री पेगी ह्विटसन का अभियान बढ़ा दिया गया है। ह्विटसन को तीन महीने और अंतरिक्ष में रहने का मौका मिलेगा। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने यह जानकारी दी है।
ह्विटसन ने हाल ही में भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स का सबसे ज्यादा बार स्पेस वाक का रिकॉर्ड तोड़ा था।
नासा ने बताया कि ह्विटसन सितंबर तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आइएसएस) पर रहेंगी। 57 वर्षीय ह्विटसन पिछले साल नवंबर में अंतरिक्ष में पहुंची थीं। पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार उन्हें जून में पृथ्वी पर वापस लौटना था। नासा और रूसी अंतरिक्ष एजेंसी के बीच हुए समझौते के तहत उन्हें वहां तीन महीने और रहने का मौका मिला है। उनका यह तीसरा मिशन अब लगभग 10 माह का होगा।
वैज्ञानिक लंबे समय तक अंतरिक्ष में रहने से उनके शरीर में होने वाले संभावित परिवर्तनों का अध्ययन करेंगे। इससे पहले अंतरिक्ष में एक साल गुजारने वाले अंतरिक्ष यात्री स्कॉट केली पर इस संबंध में अध्ययन किया जा चुका है।
Source:jagran.com
No comments:
Post a Comment