नई दिल्ली। भारत 13 नवंबर को 18वें वर्ल्ड रोड मीटिंग (डब्ल्यूआरएम 2017) की मेजबानी करेगा। इंटरनेशनल रोड फेडरेशन (आईआरएफ) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आईआरएफ ने एक बयान में कहा कि डब्ल्यूआरएम सड़क इंजीनियरों, सुरक्षा व परिवहन विशेषज्ञों तथा सड़क सुरक्षा के लिए उत्पादों का निर्माण करने वाली कंपनियों के लिए एक बृहद वैश्विक मंच है, जिसमें दुनिया भर के 4,000 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
इस साल की बैठक का विषय ‘सेफ रोड्स एंड स्मार्ट मोबिलिटी : द इंजिन्स ऑफ इकॉनॉमिक ग्रोथ’ है।
दुनिया भर में सुरक्षित सड़कों व सुरक्षित यातायात के लिए काम कर रहे वैश्विक निकाय आईआरएफ के अध्यक्ष के.के.कपिला ने कहा, “प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाला डब्ल्यूआरएम सड़क संरचना तथा यातायात से संबंधित मुद्दों पर साथ आने, बैठक करने और चर्चा करने का एक मौका प्रदान करता है, साथ ही सड़क सुरक्षा से संबंधित अपने उत्पादों को दुनिया के सामने लाने का भी यह अवसर प्रदान करता है।”
डब्ल्यूआरएम में एक सम्मेलन, एक प्रदर्शनी, युवा पेशेवरों की एक प्रयोगशाला तथा एक नवाचार कैफे शामिल है और साथ ही यह इस क्षेत्र में दुनिया भर में हो रहे अत्याधुनिक शोध, बेहतर कार्यो व अनुभवों का साझा करने का मंच है।
इसका उद्देश्य सड़क, परिवहन तथा मोबिलिटी (गतिशीलता) के क्षेत्र के अहम मुद्दों पर चर्चा के लिए एक महत्वपूर्ण ज्ञान कार्यक्रम का आयोजन करना है।
सम्मेलन में प्रख्यात व जानेमाने वक्ताओं के साथ चार अहम पूर्ण सत्रों, दुनिया भर के शिक्षाविदों तथा चिकित्सकों के पेपरों के साथ 44 समांतर सत्रों और चार सत्र आईआरएफ के युवा पेशेवरों को अपना पेपर पेश करने के लिए समर्पित होगा।
कपिला ने कहा कि आईआरएफ द्वारा इस कार्यक्रम को भारत में आयोजित करने का मकसद देश में सतही परिवहन व मोबिलिटी की बढ़ती मांग को दर्शाता है तथा परिवहन बुनियादी ढांचा तथा सेवाओं के बाजार के रूप में देश की महत्ता का रेखांकन करता है।
उन्होंने कहा, “दुनिया के सबसे तेजी से तरक्की करने वाली अर्थव्यवस्था में से एक भारत को परिवहन बुनियादी ढांचे में व्यापक निवेश की जरूरत है और यह उसे आकर्षित भी कर रहा है। डब्ल्यूआरएम संभावित निवेशकों को देश में मौजूदा अवसरों का साझेदार बनने तथा उसमें हिस्सा लेने का अहम मौका प्रदान करेगा।”
Source:livetoday.com
No comments:
Post a Comment